
आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाले श्रेयस अय्यर पिछले कुछ समय से अपनी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। इसके अलावा उनकी फिटनेस भी उनका साथ नहीं दे रही है। पहले एशिया कप 2025 में उनके चयन को लेकर खूब चर्चाएं छिड़ी थीं लेकिन उन्हें टीम में मौका नहीं मिला। हालांकि उन्हें हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ खेले गए अनऑफिशियल टेस्ट में टीम का कप्तान चुना गया था। लेकिन अब इसी बीच श्रेयस अय्यर ने एक बड़ा निर्णय लिया है।
दरअसल, श्रेयस अय्यर ने अचानक रेड बॉल क्रिकेट से अपना नाम वापस ले लिया है। मंगलवार को उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाली अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया। उन्होंने यह जानकारी चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर को एक ईमेल के जरिए दी है।
क्यों लेना चाहते हैं ब्रेक?
श्रेयस अय्यर ने इसके पीछे का कारण भी बताया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक श्रेयस अय्यर ने कहा है कि उनकी पीठ में अकड़न है और उनका शरीर अब लाल गेंद से क्रिकेट खेलने की अनुमति नहीं दे रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक अय्यर चार दिनों से ज्यादा मैदान पर नहीं रह सकते। इसके कारण अब वह ब्रेक लेने का विचार कर रहे हैं जब तक उनका शरीर उन्हें लंबे फॉर्मेट में खेलने की अनुमति नहीं देगा। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से भी श्रेयस अय्यर बाहर हो सकते हैं। हालांकि देखना होगा कि क्या तब तक अय्यर पूरी तरह से फिट हो पाते हैं। अगर ऐसा होता है तो उन्हें टेस्ट सीरीज में मौका दिया जा सकता है।
पहले भी इसे लेकर हो चुका है विवाद
जानकारी दें कि श्रेयस को पिछले साल रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए देखा गया था। इस दौरान उन्होंने ओवर के बीच में भी ब्रेक लिया था। हालांकि भारत के खिलाफ खेलते हुए टेस्ट क्रिकेट में ऐसा नहीं किया जा सकता। फिजियो और ट्रेनर से सलाह लेकर ही श्रेयस अय्यर आने वाली सीरीज खेल सकते हैं। जानकारी दें कि श्रेयस अय्यर पीठ के दर्द के कारण कई बार विवादों में घिर चुके हैं। पिछले साल एनसीए में स्पोर्ट्स साइंस और मेडिसिन्स के तत्कालीन प्रमुख नितिन पटेल ने सिलेक्टर्स को यह जानकारी दी थी कि श्रेयस अय्यर को कोई भी चोट नहीं है और उन्हें कोई भी पीठ में दर्द नहीं है। लेकिन इसके बावजूद श्रेयस अय्यर ने रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बाहर रहने का फैसला किया था।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

