Hindi News

सीरीज के आखिरी टेस्ट में बुमराह की वापसी पर सस्पेंस बरकरार, कोच कोटक ने दिया बड़ा अपडेट

Written by:Neha Sharma
Published:
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के केनिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बुमराह को लेकर बड़ा बयान दिया है।
सीरीज के आखिरी टेस्ट में बुमराह की वापसी पर सस्पेंस बरकरार, कोच कोटक ने दिया बड़ा अपडेट

भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के केनिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस निर्णायक मुकाबले में खेलेंगे या नहीं। उन्हें इस सीरीज के लिए तीन टेस्ट मैच खेलने के लिए चुना गया था और वे अब तक तीन मुकाबले खेल चुके हैं। लेकिन भारत इस समय सीरीज में 1-2 से पीछे है, ऐसे में टीम के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी हो गया है।

बुमराह पर आया बड़ा अपडेट

भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बुमराह को लेकर बड़ा बयान दिया है। कोटक ने बताया कि बुमराह इस समय फिट हैं और उनका वर्कलोड संतुलित है। उन्होंने कहा कि पिछले टेस्ट में बुमराह ने एक पारी में गेंदबाजी की थी और अब उनकी उपलब्धता पर कप्तान, कोच और फिजियो मिलकर फैसला लेंगे। हालांकि अभी तक इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर भी इस अहम मुकाबले में बुमराह की वापसी की संभावना से इनकार नहीं कर रहे। उन्होंने ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट के बाद संकेत दिया था कि सभी तेज गेंदबाज फिट हैं। इसका मतलब यह हुआ कि अर्शदीप सिंह और आकाश दीप भी अब पूरी तरह फिट हैं और चयन के लिए उपलब्ध हैं। कोच कोटक ने भी गंभीर की बातों की पुष्टि की और कहा कि सभी तेज गेंदबाज फिलहाल फिट हैं।

मोहम्मद सिराज के वर्कलोड को भी समझाया

मोहम्मद सिराज के वर्कलोड को लेकर भी कोच कोटक ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि भले ही सिराज ने सभी मैच खेले हों, लेकिन उनका वर्कलोड संतुलित है। खिलाड़ियों के वर्कलोड पर नजर रखने के लिए GPS तकनीक का इस्तेमाल होता है, जिसमें यह देखा जाता है कि खिलाड़ी ने पूरे सप्ताह में कितनी गेंदबाजी की है। सिराज की गेंदबाजी में कोई अचानक बढ़ोतरी (स्पाइक) नहीं हुई है, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।

कोच ने यह भी कहा कि वर्कलोड सिर्फ मैच के ओवरों से नहीं, बल्कि पूरे हफ्ते की ट्रेनिंग और अन्य गतिविधियों से जुड़ा होता है। सिराज को आराम तभी दिया जाएगा जब वह खुद थकान महसूस करें या फिजियो इसकी जरूरत समझें। वरना वह खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ऐसे में ओवल टेस्ट से पहले बुमराह और सिराज दोनों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।