नई दिल्ली,डेस्क रिपोर्ट। पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना (suresh raina) ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान कर दिया है, इस बात की जानकारी रैना ने मंगलवार को ट्वीट करके दी है। रैना ने 15 अगस्त 2020 को महेंद्र सिंह धोनी के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था। इसके बाद आईपीएल में उनका प्रदर्शन बहुत ही निराशाजनक रहा था। इसी वजह से आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। अब रैना ने आईपीएल और घरेलू क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है।
यह भी पढ़े…लोकायुक्त पुलिस ने 1,50,000 रुपये की रिश्वत लेते पुलिस आरक्षक को गिरफ्तार किया
रैना ने मंगलवार को ट्वीट कर लिखा “मेरे देश और मेरे राज्य उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात रही। मैं क्रिकेट के सभी प्रारूपों से अपने संन्यास का ऐलान करना चाहूंगा। मैं बीसीसीआई, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन चेन्नई सुपर किंग्स, राजीव शुक्ला सर और अपने सभी फैंस को धन्यवाद कहना चाहूंगा।”
यह भी पढ़े…राजू श्रीवास्तव की हालत में सुधार, पत्नी के साथ बात करने की कोशिश….!
बता दें कि रैना ने भले ही घरेलू क्रिकेट को अलविदा कह दिया है, लेकिन वे रोड सेफ्टी सीरीज जैसी इंटरनेशनल लीग में खेलते दिख सकते हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस खिलाड़ी ने बीसीसीआई से एनओसी मांगा है।
आईपीएल से संन्यास के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लिखा ” सुरेश रैना ने हमें दो दिन पहले हमें अपने फैसले के बारे में बताया था कि वे आईपीएल छोड़ रहे हैं। हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं। उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं। वे चेन्नई का अभिन्न हिस्सा हैं और 10 वर्षों में उन्होंने चेन्नई के लिए बहुत कुछ किया है।” चेन्नई की टीम ने भी रैना को शुभकामनाएं देते हुए लिखा “जो वहां थे जब गौरव इतिहास में अंकित किया गया था! उन्होंने इसे अंजाम दिया था! सब कुछ के लिए धन्यवाद, चिन्ना थाला।”
गौरतलब है कि रैना ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी-20 मुकाबले खेले। टेस्ट में रैना के नाम एक शतक के साथ 768 रन हैं। 226 वनडे मैचों में रैना ने पांच शतक की मदद से 5615 रन बनाए। वहीं, 78 टी-20 मुकाबलों में रैना ने भारत के लिए 1604 रन बनाए। इसमें एक शतक भी शामिल है। रैना तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए शतक लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों में से हैं।
