Hindi News

भारत से हार के बाद पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने PCB चीफ मोहसिन नकवी पर साधा निशाना, अयोग्य लोगों को बाहर करने की मांग

Written by:Rishabh Namdev
Published:
T20 World Cup 2026 में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ एकतरफा हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने सोशल मीडिया पर पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी को निशाने पर लिया है। यूसुफ ने अयोग्य लोगों को टीम और ऑफिस से बाहर करने की मांग की है।
भारत से हार के बाद पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने PCB चीफ मोहसिन नकवी पर साधा निशाना, अयोग्य लोगों को बाहर करने की मांग

T20 World Cup में भारत के खिलाफ मिली शर्मनाक हार ने पाकिस्तान क्रिकेट में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस बार आलोचना की जद में खिलाड़ियों से ज्यादा पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी हैं, जिन्हें पिछले कुछ समय से पाकिस्तान में हीरो की तरह पेश किया जा रहा था। अब पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने X पर पोस्ट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की है।

15 फरवरी को हुए मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को एकतरफा तरीके से हराया था। पूरे मैच में पाकिस्तान कभी भी हावी नजर नहीं आया। 2022 के बाद से पाकिस्तान भारत के खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत पाया है, जिससे पाकिस्तानी प्रशंसकों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

यूसुफ ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा

मोहम्मद यूसुफ ने अपने X अकाउंट पर लिखा कि पाकिस्तान क्रिकेट से जब तक राजनीतिक प्रभाव या व्यक्तिगत एजेंडा को नहीं हटाया जाएगा, टीम अपनी पुरानी स्थिति में वापस नहीं आ पाएगी। उन्होंने इसे पाकिस्तान क्रिकेट का सबसे काला दौर बताया।

“पाकिस्तान क्रिकेट के लिए ये सबसे काला दौर है। मेरा दिल रोता है। जो लोग योग्य नहीं हैं, उन्हें टीम और ऑफिस से निकाला जाना चाहिए।” — मोहम्मद यूसुफ

हालांकि यूसुफ ने अपनी पोस्ट में मोहसिन नकवी का सीधे नाम नहीं लिया, लेकिन पाकिस्तानी मीडिया और प्रशंसक इसे पीसीबी चीफ से जोड़कर देख रहे हैं। यूसुफ के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।

शोएब अख्तर ने भी उठाए थे सवाल

इससे पहले पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी एबीपी के एक शो में मोहसिन नकवी की योग्यता पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने नकवी को अयोग्य तक बता दिया था। हालांकि बाद में अख्तार ने यू-टर्न लेते हुए कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से समझा गया।

पाकिस्तानी क्रिकेट में इस समय हर तरफ असंतोष का माहौल है। पूर्व खिलाड़ियों से लेकर प्रशंसकों तक सभी टीम की लगातार खराब परफॉर्मेंस से परेशान हैं।

सुपर-8 में जगह अभी खतरे में

पाकिस्तान की टीम अभी सुपर-8 में भी नहीं पहुंच पाई है। ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में उनका सामना नामीबिया से है। अगर नामीबिया किसी तरह पाकिस्तान को हरा देती है तो इस ग्रुप से भारत के साथ अमेरिका सुपर-8 में जगह बना लेगी।

पाकिस्तान बनाम नामीबिया का मुकाबला बुधवार 18 फरवरी को दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। पाकिस्तानी टीम पर दबाव है कि वह इस मैच को जीतकर अगले दौर में पहुंचे, वरना उनके लिए टूर्नामेंट में बने रहना मुश्किल हो जाएगा।

मोहसिन नकवी की अध्यक्षता में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की परफॉर्मेंस को लेकर सवाल लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब देखना होगा कि पीसीबी इन आलोचनाओं पर क्या कदम उठाता है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !