अंडर-19 टीम के लिए आने वाला समय बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। बता दें कि अंडर-19 एशिया कप 2025 का बड़ा टूर्नामेंट शुरू होने वाला है। यह टूर्नामेंट 12 से 21 दिसंबर के बीच दुबई में खेला जाएगा। इस साल एशिया कप का टूर्नामेंट टी-20 ओवर में खेला गया था, लेकिन अंडर-19 एशिया कप का यह टूर्नामेंट 50 ओवर प्रारूप में खेला जाएगा। वहीं भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। बता दें कि आयुष म्हात्रे को कप्तानी सौंपी गई है जबकि उपकप्तान के तौर पर विहान मल्होत्रा को चुना गया है।
दरअसल आगामी एशिया कप टूर्नामेंट अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के लिए सबसे सही समय रहेगा। साल 2026 में जनवरी-फरवरी में जिंबाब्वे और नामीबिया में वर्ल्ड कप खेला जाएगा। ऐसे में एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप की टीम में मौका मिल सकता है। बता दें कि टीम में 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भी मौका दिया गया है।
वैभव सूर्यवंशी का नाम भी शामिल
जानकारी के अनुसार वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में शानदार शतक जड़कर सभी को हैरान कर दिया था। इसके बाद उन्हें भारतीय जूनियर टीम में भी मौका मिला और ऑस्ट्रेलिया तथा इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। हाल ही में राइजिंग स्टार एशिया कप 2025 में उन्होंने मात्र 32 गेंदों में शतक जड़ा और 42 गेंदों में 144 रनों की शानदार पारी खेली। इस शानदार पारी के चलते वह पुरुष टी-20 प्रारूप में तीसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए थे। इसी प्रदर्शन को देखते हुए अब बीसीसीआई ने उन्हें आगामी एशिया कप 2025 के लिए चुना है।
14 दिसंबर को भारत-पाकिस्तान
अंडर-19 एशिया कप 2025 के अभियान की शुरुआत भारतीय टीम क्वालीफायर टीम के खिलाफ करेगी। हालांकि एशिया कप टूर्नामेंट में भाग लेने वाली बाकी तीन क्वालीफायर टीमों का पता बाद में चलेगा। भारत 14 दिसंबर को पाकिस्तान अंडर-19 टीम के खिलाफ मैदान में उतरेगा। बता दें कि एशिया कप 2025 की सीनियर टीम भी 14 सितंबर को आमने-सामने हुई थी। वहीं भारतीय टीम में किशन कुमार सिंह का नाम भी शामिल है लेकिन किशन कुमार सिंह को टूर्नामेंट से पहले अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। जानकारी दें कि अंडर-19 एशिया कप 2025 के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 19 दिसंबर को खेले जाएंगे, वहीं फाइनल मुकाबला 21 दिसंबर को होगा।
भारतीय अंडर-19 टीम इस प्रकार है:
आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा (उपकप्तान), वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), युवराज गोहिल, कनिष्क चौहान, खिलान ए. पटेल, नमन पुष्पक, डी. दीपेश, हेनिल पटेल, किशन कुमार सिंह, उधव मोहन और आरोन जॉर्ज।






