Hindi News

वैभव सूर्यवंशी को 0 पर आउट करने के बाद दीपक चाहर ने खोला राज़, कैसे किया धाकड़ बल्लेबाज का शिकार

Written by:Rishabh Namdev
Published:
14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़कर तहलका मचा दिया था, लेकिन अगले ही मैच में मुंबई इंडियंस के दीपक चाहर ने उन्हें शून्य पर आउट कर दिया। चाहर ने मैच के बाद बताया कि कैसे उन्होंने इस युवा बल्लेबाज़ की कमजोरी पकड़कर उन्हें जाल में फंसाया।
वैभव सूर्यवंशी को 0 पर आउट करने के बाद दीपक चाहर ने खोला राज़, कैसे किया धाकड़ बल्लेबाज का शिकार

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में अपनी पहली ही पारी में तहलका मचा दिया था। गुजरात के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक लगाकर उन्होंने हर किसी का ध्यान खींचा। लेकिन अगले ही मुकाबले में मुंबई इंडियंस के सामने वो खाता भी नहीं खोल पाए थे। वहीं दीपक चाहर ने उन्हें महज दो गेंदों में पवेलियन भेज दिया था। इसके बाद चाहर ने मीडिया से बातचीत में वो रणनीति बताई जो उन्होंने इस युवा बल्लेबाज़ को आउट करने के लिए अपनाई थी।

मैच के बाद दीपक चाहर से जब वैभव सूर्यवंशी के विकेट के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “वैभव ने पिछले मैच में शानदार पारी खेली थी लेकिन हर खिलाड़ी का एक पैटर्न होता है। कोई न कोई कमजोरी जरूर होती है। बतौर गेंदबाज हमने राजस्थान के हर बल्लेबाज के खिलाफ प्लान तैयार किया था। कभी प्लान काम करता है, कभी नहीं। इस बार प्लान सफल रहा और हम लकी रहे।”

जानिए कैसे किया शिकार

दरअसल दीपक ने आगे कहा कि वैभव एक जबरदस्त बल्लेबाज हैं और आने वाले समय में अच्छा प्रदर्शन जरूर करेंगे। लेकिन इस बार की लड़ाई में गेंदबाज भारी रहा और प्लान सटीक बैठा। मैदान पर चाहर ने सिर्फ ताकत नहीं, बल्कि दिमाग भी लगाया। पहली गेंद उन्होंने हल्की शॉर्ट ऑफ लेंथ फेंकी, जिससे वैभव लय में आने की कोशिश करें। लेकिन अगली ही गेंद फुल लेंथ थी, और इतनी ज्यादा आगे कि सूर्यवंशी के लिए उस पर कंट्रोल करना मुश्किल हो गया। उन्होंने बल्ला घुमाया, लेकिन शॉट फ्लैट गया और मिडऑन पर फील्डर विल जैक्स ने कैच लपक लिया।

ताकत को बना दिया कमजोरी

बता दें कि दीपक चाहर की ये रणनीति एकदम सटीक बैठी। क्योंकि वैभव आमतौर पर फुल लेंथ गेंदों पर आक्रामक होते हैं, लेकिन चाहर ने उनकी उसी ताकत को कमजोरी बना दिया। यही फर्क बन गया और पिछले मैच के सितारे वैभव सूर्यवंशी मुंबई के खिलाफ पवेलियन की राह देखते रह गए। दरअसल आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में हर गेंदबाज बल्लेबाज़ की बारीकियों पर नजर रखता है। दिग्गजों की मानें तो वैभव सूर्यवंशी जैसे टैलेंटेड खिलाड़ी के लिए ये शुरुआती झटके जरूरी हैं क्योंकि इससे उन्हें अपनी कमजोरियों को समझने का मौका मिलेगा।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !