विराट कोहली के टेस्ट रिटायरमेंट पर इंग्लैंड के इस खिलाड़ी का विवादित बयान, कहा – ‘अब वो अपनी कमजोरी नहीं सुधार सकते’

टेस्ट क्रिकेट से विराट कोहली के अचानक रिटायरमेंट पर फैन्स भावुक दिखाई दिए थे। लेकिन अब इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर ने एक विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल उन्होंने कहा है कि कोहली ऑफ स्टंप की कमजोरी को खत्म नहीं कर पा रहे थे, इसलिए उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा।
Virat Kohli

विराट कोहली का टेस्ट क्रिकेट से अचानक लिया गया रिटायरमेंट हर किसी को चौंका गया। कोहली भारतीय टेस्ट टीम के सबसे दमदार बल्लेबाजों में शुमार रहे हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने कई यादगार जीत हासिल कीं। लेकिन इस फैसले के पीछे की असली वजह को लेकर अब अलग-अलग राय सामने आ रही हैं। वहीं इस बीच मोंटी पनेसर का एक बयान सबसे ज्यादा सुर्खियों में है। दरअसल उन्होंने दावा किया है कि कोहली अपनी पुरानी तकनीकी कमजोरी से जूझ रहे थे और इसीलिए उन्होंने ये बड़ा फैसला लिया।

दरअसल इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर ने विराट कोहली के टेस्ट रिटायरमेंट को लेकर जो बयान दिया, वो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पनेसर ने कहा कि कोहली पिछले एक साल से ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंदों पर बार-बार आउट हो रहे थे। खासतौर पर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी परिस्थितियों में, जहां गेंद ज्यादा मूव करती है, वहां कोहली के लिए टिकना मुश्किल हो गया था।

इस कारण कोहली ने लिया संन्यास!

दरअसल मोंटी पनेसर ने ये भी कहा कि कोहली को यह महसूस हुआ कि वह अब अपनी इस कमजोरी को ठीक नहीं कर सकते और यही कारण है कि उन्होंने टेस्ट से दूरी बना ली। बता दें कि उनका इशारा 2014 की उस इंग्लैंड सीरीज़ की तरफ भी था, जहां जेम्स एंडरसन ने बार-बार कोहली को ऑफ स्टंप के बाहर की गेंदों पर परेशान किया था। हालांकि कोहली ने 2018 में उसी इंग्लैंड में जबरदस्त वापसी की थी और खूब रन बनाए थे। लेकिन पनेसर का मानना है कि उम्र और बदलते फॉर्म के कारण अब वैसी वापसी मुश्किल है।

जानिए मोंटी पनेसर ने आगे क्या कहा?

इतना ही नहीं मोंटी पनेसर ने अपने बयान में यह भी कहा कि कोहली को लगने लगा होगा कि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में जो कुछ भी हासिल करना था, वो कर लिया है। अब ये सही समय है जब नए खिलाड़ी टीम में जगह बनाएं और खुद को साबित करें। उन्होंने ये भी कहा कि कोहली के रहते फैंस ने एक बार फिर टेस्ट क्रिकेट देखने में दिलचस्पी दिखाई, लेकिन अब वो दौर खत्म हो चुका है। हालांकि मोंटी पनेसर का ये बयान सोशल मीडिया पर फैंस को बिल्कुल रास नहीं आया है। कई यूज़र्स ने उन्हें ट्रोल किया और उनकी खुद की क्रिकेटिंग उपलब्धियों पर सवाल उठाए।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews