महिला एशिया कप 2026: भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला, जानें कब-कहां और कितने बजे होगा मैच

महिला एशिया कप 2026 में भारत ने हांगकांग को 137 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। अब 5 सितंबर को दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला होगा।
IND Vs PAK Women Asia Cup 2026

महिला एशिया कप 2026 में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने हांगकांग को 137 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। अब भारत का अगला मुकाबला पाकिस्तान से होना है। चलिए जानते हैं कि भारत और पाकिस्तान का मुकाबला कब, कहां और कितने समय पर होगा?

बता दें कि भारतीय महिला टीम एशिया कप में काफी अच्छी लय में दिखाई दे रही है। शुरुआती दो मैच जीतने के बाद खिलाड़ियों का उत्साह बुलंद हैं। दुबई में हांगकांग के साथ खेले गए मैच में स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 64 गेंदों में 124 रन की शतकीय पारी खेली। अब ऐसे में दर्शकों की निगाहें एक बार फिर मंधाना पर टिकी हुई हैं। भारतीय दर्शकों को पाकिस्तान के खिलाफ मंधाना से एक शानदार पारी की उम्मीद है।

कब और कहां होगा भारत और पाकिस्तान का मैच?

महिला एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला शनिवार, 5 सितंबर को खेला जाएगा। यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रात 8 बजे से शुरू होगा जबकि टॉस शाम 7:30 बजे होगा।

मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कहां होगी?

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर की जाएगी। दर्शक SonyLIV के जरिए मैच का लाइव प्रसारण ऑनलाइन देख सकेंगे।

13 सितंबर को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला

भारतीय टीम को ग्रुप-ए में पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग के साथ रखा गया है। वहीं ग्रुप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, यूएई और इंडोनेशिया की टीमें शामिल हैं। दोनों ग्रुप से शीर्ष-2 स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। इसके बाद 13 सितंबर को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। जहां खिताब के लिए दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें आमने-सामने होंगी।

महिला एशिया कप के लिए दोनों टीमों के स्क्वॉड

भारतीय महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, प्रतिका रावल।

पाकिस्तान महिला टीम: फातिमा सना (कप्तान), आयशा जफर, ईमान नसीर, अयमान फातिमा, गुल फिरोजा, मोमिना रियासत, मुनीबा अली सिद्दीकी (विकेटकीपर), नाशरा संधू, सदफ शमास, सादिया इकबाल, सायरा जबीना, शवाल जुल्फिकार, तूबा हसन, उम्म-ए-हानी, वहीदा अख्तर।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews