
विमेंस प्रीमियर लीग के नए सीजन की शुरुआत आज से हो रही है। WPL 2026 की शुरुआत 9 जनवरी से होगी और फाइनल मुकाबला 5 फरवरी को खेला जाएगा। कुल पांच टीमों के बीच खिताबी जंग देखने को मिलेगी, जिनमें मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स की टीमें शामिल होंगी। जानकारी दे दें कि 27 नवंबर 2025 को विमेंस प्रीमियर लीग के आगामी सीजन के लिए मेगा ऑक्शन आयोजित किया गया था। इस मेगा ऑक्शन में सभी टीमों के स्क्वाड में लगभग बदलाव देखने को मिला।
अगर आप भी विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन के मुकाबले देखने वाले हैं तो हम आपको इसका पूरा फॉर्मेट बता रहे हैं। साथ ही यह भी जानकारी दे रहे हैं कि आप इसके मुकाबले किस चैनल पर देख पाएंगे।
डबल राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेला जाएगा टूर्नामेंट
सबसे पहले फॉर्मेट की बात करें तो विमेंस प्रीमियर लीग का चौथा सीजन डबल राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेला जाएगा। बता दें कि इस टूर्नामेंट में शामिल सभी टीमों के बीच लीग स्टेज में दो-दो बार मुकाबले होंगे। सभी पांच टीमें लीग स्टेज में आठ-आठ मुकाबले खेलेंगी। अंत में पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें एलिमिनेटर राउंड खेलेंगी। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम फाइनल में टेबल टॉपर से भिड़ेगी। फाइनल मुकाबला 5 फरवरी को खेला जाएगा।
जानिए कहां देख सकते हैं मुकाबले?
ऐसे में अगर आप भी विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन के मुकाबले देखना चाहते हैं तो बता दें कि इसका पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला मुंबई के DY पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। जानकारी दे दें कि मुंबई इंडियंस की टीम विमेंस प्रीमियर लीग की सबसे सफल टीम है। टीम ने 2023 और 2025 में ट्रॉफी जीती थी, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने 2024 के सीजन में खिताब अपने नाम किया था। विमेंस प्रीमियर लीग के मुकाबलों का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। इसके अलावा अगर आप मोबाइल पर मुकाबले देखना चाहते हैं तो आप जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर इन्हें लाइव देख सकते हैं। भारतीय समय के अनुसार सभी मुकाबले शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

