युवराज सिंह ने इंडियन प्रीमियर लीग से संन्यास ले लिया था, लेकिन अब एक बार फिर उनकी आईपीएल में वापसी हो सकती है। आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम बड़ा बदलाव कर सकती है। बता दें कि आईपीएल 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने हेड कोच के रूप में अभिषेक नायर को नियुक्त किया है। अब लखनऊ सुपरजायंट्स भी इसी राह पर चलते हुए नए कोच के साथ आईपीएल 2026 में उतर सकती है।
इससे पहले लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम न्यूजीलैंड के घातक बल्लेबाज केन विलियमसन और भरत अरुण के साथ जुड़ चुकी है। ऐसे में युवराज सिंह जैसा चेहरा टीम किसी भी हाल में छोड़ना नहीं चाहेगी। युवराज सिंह का भारतीय क्रिकेट में बड़ा योगदान रहा है। उनके पास काफी अनुभव है और उन्होंने आईपीएल में भी लंबे समय तक खेला है। ऐसे में यह लखनऊ सुपरजायंट्स टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।
अभिषेक शर्मा को कर रहे हैं तैयार
जानकारी के अनुसार, युवराज सिंह फिलहाल किसी भी टीम से जुड़े नहीं हैं, लेकिन इस समय वे भारतीय क्रिकेट टीम के लिए युवा खिलाड़ियों की खोज कर रहे हैं। हाल ही में देखा गया है कि युवराज सिंह ने अपना ज्यादातर समय अभिषेक शर्मा को दिया है। अभिषेक शर्मा ने हाल ही में एशिया कप 2025 में शानदार प्रदर्शन किया और खूब चर्चा बटोरी। इसके साथ ही युवराज सिंह की भी जमकर तारीफ हुई थी। ऐसे में लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम युवराज सिंह की काबिलियत को देखकर उन्हें कोच बना सकती है। बता दें कि युवराज सिंह ने शुभमन गिल के साथ भी काफी समय बिताया और उन्हें तैयारी करने में मदद की थी।
पहले भी ऐसी ख़बरें हो चुकी है वायरल
इतना ही नहीं, युवराज सिंह के सानिध्य में ही आईपीएल और भारतीय घरेलू क्रिकेट टीम में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह भी अपनी तैयारी कर रहे हैं। हालांकि युवराज सिंह को लेकर पिछले साल भी इसी तरह की खबरें वायरल हुई थीं। दावा किया जा रहा था कि युवराज सिंह गुजरात टाइटंस की टीम के साथ जुड़ सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दिल्ली कैपिटल्स की टीम के साथ भी युवराज सिंह का नाम जोड़ा गया था, लेकिन अंत में हेमांग बदानी को टीम का कोच नियुक्त किया गया था। पिछला सीजन लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए अच्छा नहीं रहा था। टीम सीजन के अंत में प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर रही थी।





