
नई दिल्ली,डेस्क रिपोर्ट। फोन का डेटा में आपकी निजी और प्रोफेशनल जानकारियां सेव होती हैं। ऐसे में बैंक अकाउंट, पेमेंट वॉलेट, ईमेल और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर हैकर्स की नजर रहती है, जो आपको आर्थिक नुकसान पहुंचा सकते हैं। जानिए, उन संकेतों के बारे में, जो आपके फोन की जासूसी (spying) की सूचना दे सकते हैं
आपका डिवाइस ‘रूटेड’ या ‘जेलब्रोकन’ है
एंड्रॉइड डिवाइस को ‘रूटिंग’ या आइओएस डिवाइस को ‘जेलब्रेकिंग’ करने से उपयोगकर्ता आधिकारिक ऐप स्टोर को बायपास कर सकते हैं और अस्वीकृत ऐप इंस्टॉल कर सकते हैं। यदि आपका डिवाइस रूट किया गया है या जेलब्रेक किया गया है और आपने ऐसा नहीं किया है, तो यह एक मजबूत संकेत है कि कुछ संदिग्ध हो रहा है। यह जांचने के लिए कि एंड्रॉइड डिवाइस को रूट किया गया है या नहीं, रूट चेकर ऐप की मदद ले सकते हैं। यह जांचने के लिए कि क्या आइओएस डिवाइस को जेलब्रेक किया गया है, ‘साइडिया’ ऐप देखें।
जीमेल या वाट्सऐप कोई देख रहा है
यदि जीमेल या वाट्सऐप में कोई असामान्य चीज नजर आ रही है तो इसके दो कारण हो सकते हैं। पहला, फोन में स्पाइवेयर का होना। इसके लिए एंटीवायरस की मदद लें। दूसरा कारण है जीमेल या वाट्सऐप का दूसरे डिवाइस पर खुला होना। जीमेल सैटिंग्स में जाकर पता लगाइए कि आपका जीमेल कितनी जगह पर खुला है। वहां से आप अनजान सेशन बंद भी कर सकते हैं।
यदि बैटरी तेजी से ड्रेन हो रही है
यदि स्पाइवेयर काम कर रहा है तो यह आपकी बैटरी को सामान्य से अधिक तेजी से खत्म कर सकता है। यदि ऐसा हो रहा है तो फिर इसके लिए संदिग्ध ऐप को एंटीवायरस की मदद से खोजें और दूर करें।
अनजान ऐप डिलीट करें
कई बार स्पाइवेयर के संकेत कहीं न कहीं दिखते हैं। यदि आपके फोन में कोई ऐसे ऐप का आइकन मौजूद है, जिसे आपने इंस्टाल नहीं किया, उसे तुरंत अनइंस्टाल करें। नेट नैनी, कैस्पर्सकी सेफ किड्स, नॉर्टन फैमिली और कस्टोडियो जैसे कई ऐप्स की आप छिपे हुए ऐप्स को ढूंढ़ने में मदद ले सकते हैं।
*Disclaimer :- यहाँ दी गई जानकारी अलग अलग जगह से जुटाई गई एक सामान्य जानकारी है। MPBreakingnews इसकी पुष्टि नहीं करता है।
