सावन का महीना शुरू हो चुका है और हर बार की तरह 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक उज्जैन के महाकालेश्वर में भक्तों की भीड़ बढ़ने लगी है। आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव (CM Mohan Yadav ) सपत्नीक बाबा महाकाल की भस्म आरती में पहुंचे। यहां पूजन अर्चन कर उन्होंने प्रदेशवासियों की समृद्धि की कामना की।

बता दें कि मुख्यमंत्री मोहन यादव विदेश प्रवास पर जा रहे हैं और परंपरा के अनुसार उन्होंने जाने से पहले महाकाल के दरबार में दंडवत प्रणाम किया। उन्होंने यात्रा सफल होने के साथ प्रदेशवासियों और देशवासियों के लिए बाबा से आशीर्वाद मांगा।

CM ने लिया महाकाल का आशीर्वाद

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने महाकाल दर्शन करने के बाद कहां कि ‘बाबा की कृपा ही है। जिसकी वजह से मध्य प्रदेश प्रगति की ओर बढ़ रहा है। मैं बाबा से प्रार्थना करता हूं कि प्रदेश रोजगार, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, और आध्यात्मिक मार्ग पर बढ़ता रहे।’ उन्होंने यह भी बताया कि सावन का महीना भोलेनाथ की कृपा प्राप्त करने के लिए सबसे उत्तम होता है। इस महीने में किया गया संकल्प जनकल्याण के रूप में सामने आता है।

गर्भगृह में की पूजन

सपत्नीक भस्म आरती में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने गर्भगृह में भी पूजन की। इस दौरान उनके साथ मंदिर समिति के पदाधिकारी, पुजारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल थे। गर्भगृह में पूजन अर्चन कर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आध्यात्मिक एकता का संदेश दिया।

 

कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

आज मुख्यमंत्री शहर में कुछ कार्यक्रमों में भी शामिल होने वाले हैं। दोपहर करीब 1:30 बजे वह कालिदास अकादमी में निषाद राज सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां पर वह कई सारी परियोजनाओं का भूमिपूजन करने वाले हैं। इसमें 22.65 करोड़ की लागत से बनने वाला फिश पार्लर, 91.80 करोड़ की लागत से इंदिरा सागर जलाशय में मत्स्य उत्पादन में वृद्धि, 40 करोड़ की लागत के अत्यधिक अंडरवाटर टनल का वर्चुअल भूमि पूजन करेंगे।

लाडली बहनों को मिलेगी किश्त

इस कार्यक्रम को पूरा करने के बाद लगभग ढाई बजे वह नलवा पहुंचेंगे। जहां पर प्रदेश भर की लाडली बहनों के खाते में पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे। यहां होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाडली बहनें शामिल होने वाली है।