बीते दिन इंदौर में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी 20 का मुकाबला देखने को मिला। इस मैच में भारतीय टीम ने जीत हासिल की। इस शानदार जीत के बाद क्रिकेटर कुलदीप यादव और तिलक वर्मा उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे।
दोनों स्टार क्रिकेटर सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल हुए। नंदी हॉल से बैठकर इन्होंने पूरी आरती का आनंद लिया। इस दौरान ये भक्ति में डूबे दिखाई दिए। दोनों सितारों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर देश की सुख समृद्धि की कामना की।
भस्म आरती में हुए शामिल
तिलक वर्मा और कुलदीप यादव भस्म आरती में शामिल होने के लिए सुबह 4 बजे मंदिर पहुंच गए थे। 2 घंटे तक चली आरती के दौरान यह नंदी हॉल में बैठे रहे। दोनों की नजरें बाबा महाकाल पर टिकी थी। भक्ति में लीन होकर ये भोले बाबा को नमन करते और महाकाल का जाप करते नजर आए। आरती पूरी होने के बाद इन दोनों खिलाड़ियों ने गर्भगृह की देहरी से भगवान को पुजारियों के माध्यम से जल अर्पित कर पूजन अर्चन की। दोनों यही से महाकाल का आशीर्वाद लेते दिखाई दिए।
Kuldeep Yadav & Tilak Varma offered prayers at Mahakaleshwar Temple in Ujjain ❤️🙏 [ANI] https://t.co/pcOqAmXsKi
— Johns. (@CricCrazyJohns) October 12, 2026
Video Credit: ANI
जुटी लोगों की भीड़
जब तिलक वर्मा और कुलदीप यादव महाकाल मंदिर पहुंचे तो श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से दोनों का स्वागत और सम्मान किया गया। वहीं दोनों खिलाड़ियों को मंदिर परिसर में देखकर प्रशंसक काफी उत्साहित दिखाई दिए। हर कोई उनके साथ सेल्फी लेना चाहता था। पंडे पुजारी भी दोनों क्रिकेटर के साथ सेल्फी लेते दिखाई दिए और भीड़ इकट्ठा हो गई।






