महाशिवरात्रि के मौके पर विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में देशवासी श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। इस खास दिन पर भोले बाबा की झलक पानी को आतुर श्रद्धालुओं की संख्या काफी ज्यादा होती है। यह दर्शनार्थी सुविधाजनक तरीके से दर्शन कर सकें इसके लिए एक बार फिर पुलिस गूगल मैप की मदद लेगी। नए साल की तरह इस बार भी वाहन से उज्जैन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुलिस एक मैप रूट नियंत्रित करने वाली है।
इस मैप रूट के तहत जहां पर भीड़ ज्यादा होगी या फिर पार्किंग फुल हो जाएगी। वह रास्ता और पार्किंग लोकेशन मैप पर नजर नहीं आएगी। इस तरह से वाहनों से आने वाले लोग वहीं जाएंगे जहां पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इस तरह से ट्रैफिक कंट्रोल में रहेगा और भीड़ प्रबंधन अच्छी तरह से किया जा सकेगा।
10 लोगों की टीम कर रही काम
एडिशनल एसपी राहुल देशमुख के मुताबिक महाशिवरात्रि के मौके पर 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। वहीं 1 लाख से ज्यादा वाहन शहर में प्रवेश करने वाले हैं। इन वाहनों की पार्किंग के लिए प्रशासन द्वारा अच्छे इंतजाम किए गए हैं। गुरुग्राम की IT कंपनी पुलिस और साइबर टीम के सदस्यों की टीम गूगल मैप के एल्गोरिदम में बदलाव करने में लगी हुई है। जैसे ही किसी भी मार्ग पर जाम लगेगा या पार्किंग फुल होगी उस रास्ते को मैप से हटा दिया जाएगा। वही वैकल्पिक खाली मार्ग सक्रिय किया जाएगा ताकि आने वालों को सुविधा मिल सके।
40 मिनट में होंगे दर्शन
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं को 40 मिनट में दर्शन कराने का लक्ष्य रखा गया है। कर्कराज पार्किंग के पास बेरीकेडिंग की व्यवस्था की गई है और सुगम दर्शन व्यवस्था करने की तैयारी की गई है।
पुलिस दिखाएगी रूट
गूगल मैप पर श्रद्धालुओं को वही रूट दिखाई देगा जहां उज्जैन पुलिस ने पहुंच जाना चाहिए। इसके लिए ट्रैफिक की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। 10 सदस्यों की टीम 14 फरवरी से 16 फरवरी तक ट्रैफिक की निगरानी करेगी। भीड़ होते ही रूट को डाइवर्ट कर गूगल मैप से हटा दिया जाएगा। वहीं 1500 पुलिसकर्मी, अधिकारी सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे। 200 सीसीटीवी कैमरा से निगरानी की जाने वाली है, वहीं ड्रोन से नजर रखी जाएगी। इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर मंदिर का रास्ता दिखाने वाले संकेतक लगाए जा रहे हैं।
कैसा है ट्रैफिक प्लान
ट्रैफिक प्लान की बात करें तो बड़नगर रोड से आने वाले वाहन मोहनपुरा ब्रिज से मुरलीपुरा होते हुए कृषि उपार्जन केंद्र मैदान में पार्क होंगे। आगर रूट से आने वाले वाहन मकोडिया आम चौराहा से होकर कार्तिक मेला ग्राउंड में पार्क होंगे। नागदा रूट से आने वाले वाहन साडू माता बावड़ी और रातडिया रोड से होते हुए राठौर समाज मैदान में पार्क होंगे। देवास और भोपाल से आने वाले वाहन शटल सेवा में पार्क किए जाएंगे। मक्सी रूट से आने वाले वाहनों को पाण्ड्याखेड़ी पाइप फैक्ट्री मार्ग से कर्कराज पार्किंग पहुंचाया जाएगा। इंदौर रोड से आने वाले वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज मार्ग से शटल और फिर कर्कराज पहुंचेंगे। इंदौर, आगर और मक्सी से आने वाले भारी वाहन तपोभूमि से बड़नगर बाईपास की तरफ डायवर्ट किए जाएंगे। नागदा उन्हेल से आने वाले भारी वाहन मोहनपुरा ब्रिज से बदनावर फोरलेन होते हुए इंदौर देवास भोपाल डाइवर्ट होंगे।
यहां वाहन प्रतिबंधित
14 फरवरी शाम 4 बजे से हरिफाटक, महाकाल घाटी जंतर मंतर मार्ग, जयसिंहपुर चार धाम पार्किंग, नरसिंहगढ़ शंकराचार्य चौराहा, लोहा पुल कंठाल चौराहा, छत्री चौक तेलीवाड़ा, कमरी मार्ग दानी गेट, हरसिद्धि की पाल, गणगौर दरवाजा, केडी गेट, कमरी मार्ग, टंकी चौराह पर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।





