महाकाल मंदिर में महिला श्रद्धालु और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प, वीडियो वायरल

उज्जैन महाकाल मंदिर में महिला श्रद्धालु और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई कथित मारपीट का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार पर नए सवाल उठने लगे हैं।
Ujjain

उज्जैन का विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर हर दिन हजारों श्रद्धालुओं से भरा रहता है। यहां लोग दूर-दूर से भगवान महाकाल के दर्शन करने आते हैं। लेकिन गुरुवार रात मंदिर परिसर में हुई एक घटना ने भक्तों को चौंका दिया। दर्शन के दौरान मुंबई से आई एक महिला श्रद्धालु और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर मंदिर परिसर में ऐसी नौबत क्यों आई।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना गुरुवार 5 फरवरी की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मुंबई के ठाणे नगर निगम में नर्स के रूप में काम करने वाली महिला अपने तीन दोस्तों के साथ उज्जैन दर्शन के लिए आई थी।

महिला का कहना है कि वह गणेश मंडपम क्षेत्र में दर्शन कर रही थी तभी एक महिला सुरक्षाकर्मी ने उसे जल्दी आगे बढ़ने के लिए कहा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

कुछ ही मिनटों में यह बहस तेज हो गई और आरोप है कि मामला धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गया। मंदिर परिसर में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर फैल चुका है।

महिला श्रद्धालु ने लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद महिला ने महाकाल थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। अपनी शिकायत में उसने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षाकर्मियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।

महिला का कहना है उसे जबरन आगे बढ़ाया गया, विरोध करने पर गार्ड्स ने धक्का दिया, कुछ महिला गार्ड उसका मजाक उड़ाने लगीं। एक गार्ड ने उसका गला दबाया, उसे जमीन पर गिराया गया, कई गार्ड्स ने मिलकर उसे बाहर निकाल दिया, महिला ने यह भी आरोप लगाया कि वहां मौजूद कुछ पुरुष सुरक्षाकर्मियों ने भी उसके साथ ठीक व्यवहार नहीं किया। महिला ने पुलिस से मांग की है कि मंदिर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग महिला के समर्थन में लिख रहे हैं कि श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। वहीं कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि मंदिर में भीड़ बहुत होती है और सुरक्षा कर्मियों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती करनी पड़ती है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews