Mahakal Sawari: आज शिव तांडव स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे महाकाल, 1500 वादक विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए करेंगे डमरू वादन

बाबा महाकाल आज एक बार अपने भक्तों का हाल-चाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकलने वाले हैं। बाबा महाकाल की सवारी में इस बार विश्व रिकॉर्ड भी बनाया जाएगा।
बाबा महाकाल की सवारी होगी इस बार और ज्यादा भव्य

Mahakal Sawari: विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के दरबार से सावन और भादो मास में सवारी निकलती है। आज सावन का तीसरा सोमवार है और एक बार फिर राजाधिराज अपनी रजत पालकी में सवार होकर भक्तों का हाल-चाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकलेंगे।

सावन का सोमवार होने की वजह से आज तड़के भस्म आरती में बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया है। सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ दर्शन के लिए उमड़ रही है। सवारी को लेकर भक्तों में उत्साह भी है।

शिव तांडव स्वरूप में दर्शन

बाबा महाकाल की सवारी का क्रम जैसे-जैसे बढ़ता है उनके अलग-अलग स्वरूप सवारी में शामिल होते चले जाते हैं। आज सभा मंडप में पूजन अर्चन के बाद शाम 4 बजे सवारी का क्रम शुरू होगा। इस दौरान पालकी में बाबा चंद्रमोलेश्वर, हाथी पर मन महेश और गरुड़ रथ पर शिव तांडव के रूप में दर्शन देंगे।

सवारी का मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र बलों द्वारा सलामी देकर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सवारी अपने परंपरागत मार्ग कोट मोहल्ला, महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा, बक्शी बाजार, कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंचेगी। यहां शिप्रा जल से बाबा का पूजन अभिषेक करने के बाद एक बार फिर सवारी का क्रम शुरू होगा, जो दानी गेट, ढाबा रोड, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, गुदरी चौराहा होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी।

बनाया जाएगा वर्ल्ड रिकॉर्ड

इस बार बाबा महाकाल की सवारी में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी भी की जा रही है। सवारी शुरू होने से पहले महाकाल महलोक के सामने 1500 डमरू वादक एक साथ डमरू वादन करेंगे। शक्ति पथ पर भस्म आरती की धुन पर 10 मिनट तक प्रस्तुति दी जाएगी। इसके लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ड्रोन तथा कैमरे से प्रस्तुति की निगरानी करेगी। शक्तिपथ की प्रस्तुति के बाद यह सभी डमरू वादक बाबा महाकाल की सवारी में शामिल होंगे। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति द्वारा भोपाल और उज्जैन के डमरू वादकों को इस रिकॉर्ड को बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया गया है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews