उज्जैन में बनेगा इंटरनेशनल सुविधाओं से उपयुक्त स्विमिंग पूल, खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं

Ujjain

Ujjain News: उज्जैन में इन दिनों लगातार विकास कार्यों की बहार देखने को मिल रही है। जब से यहां महाकाल लोक का निर्माण हुआ है उसके बाद से ऐसे कई काम शुरू किए गए हैं, जो शहर के नागरिकों के लिए आने वाले समय में काफी फायदेमंद होने वाले हैं। शहर में मौजूद नानाखेड़ा स्टेडियम भी वर्षों से विकास की राह तक रहा था। जिसे अब डेवलप किया जा रहा है ताकि यहां खिलाड़ियों को अच्छी से अच्छी सुविधा मिल सके।

नानाखेड़ा स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण किया गया है, जिसके बाद एथलेटिक्स के खिलाड़ियों को प्रैक्टिस के लिए इंटरनेशनल लेवल की सुविधा मिलना शुरू हो गई हैं। उसके बाद अब नगर निगम द्वारा देवास रोड पर इंटरनेशनल लेवल का एक स्विमिंग पूल तैयार किया जा रहा है। ये 50 बाय 21 मीटर का होगा और खिलाड़ी आराम से यहां अपनी प्रतियोगिताओं के लिए प्रैक्टिस कर सकेंगे।

अंतर्राष्ट्रीय मानक का पूल

खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा उपलब्ध करवाते हुए प्रैक्टिस के लिए एक बेहतर स्थान दिया जा सके इसके लिए नगर निगम द्वारा इस स्विमिंग पूल का निर्माण किया जा रहा है। देवास रोड पर बन रहे इस पूल के साथ यहां पर 6 बाय 9 मीटर का एक छोटा वार्मअप पूल भी तैयार किया जाएगा। इस पूल में अपने शुरुआती चरण की प्रैक्टिस कर रहे खिलाड़ी आराम से तैराकी कर सकेंगे।

तैयार होगा फूड पार्क

स्विमिंग पूल के अलावा देवास रोड पर फूड पार्क भी बनाया जाने वाला है, जो लगभग 5 करोड़ 87 लाख की लागत से तैयार होगा। इसका नाम तरणताल फूड ज्वाइंट रखा जाएगा क्योंकि यह यहीं पर बन रहा है। यहां पर 26 दुकानों को रिनोवेट करने के साथ 9 छोटी गुमटियां भी बनाई जाएगी। पहले से मौजूद किड्स जोन को हटाकर सेंटर प्लाजा बनेगा जहां पर आने वाले लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था होगी। सेंटर में एक फव्वारा लगाया जाएगा जो आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां पर आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी रहेगी।

आपको बता दें कि देवास रोड पर पहले से ही एक फूड कोर्ट मौजूद है, लेकिन रोड से बहुत दूर होने के चलते यह सफल नहीं हो पाया। यहां पर कुछ चुनिंदा दुकान हैं जिन पर स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी अपने दोस्तों के साथ आते-जाते रहते हैं, इसके अलावा यहां भीड़ नहीं रहती है। यही कारण है कि अब फूड पार्क तैयार किया जाएगा। इसे तैयार करने के दौरान हरियाली का विशेष रूप से ध्यान रखा जाने वाला है। एंट्री और एग्जिट प्वाइंट को लेकर भी ट्रैफिक का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews