महाकाल के भक्तों को चूना लगा रहे हैं ठग, होटल बुकिंग के नाम पर लूटा जा रहा पैसा

महाकाल के भक्तों को चूना लगा रहे हैं ठग, होटल बुकिंग के नाम पर लूटा जा रहा पैसा

Ujjain News: उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु लगातार साइबर ठगों का निशाना बन रहे हैं। महाकाल लोक (Mahakal Lok) के विस्तार के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है जिसका फायदा अब ठग उठाने लगे हैं। सोशल मीडिया साइट पर होटल बुकिंग के नाम पर इन बदमाशों ने अपने मोबाइल नंबर डाल रखे हैं। जब कोई श्रद्धालु इनसे ऑनलाइन बुकिंग के लिए संपर्क करता है तो यह उनसे धोखाधड़ी कर लेते हैं।

हाल ही में कुछ ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जहां होटल बुकिंग के नाम पर सोशल मीडिया साइट पर दिए गए नंबरों पर बात करने के बाद लोगों से ठगी हो गई। जब तक पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी की जानकारी लगती है यह बदमाश अपना नंबर बदल लेते हैं और सारा डाटा डिलीट कर देते हैं। कई लोग तो सबूत के अभाव में बदमाशों की शिकायत भी नहीं कर पाते हैं।

ताजा मामला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से आए श्रद्धाल के साथ हुआ। महाकाल क्षेत्र में होटल बुकिंग करवाने के लिए इन्होंने सोशल मीडिया साइट पर चेक किया। श्रीसूर्या धर्मशाला में एक कमरा बुक करने के लिए दिए गए नंबर पर इन्होंने 2800 रुपए का भुगतान किया। ठहरने के लिए होटल पहुंचे तो पता चला कि उनके नाम का कोई कमरा बुक ही नहीं हुआ है। ठगी का पता चलते ही यह महाकाल थाना और राज्य साइबर सेल के पास शिकायत करने के लिए पहुंचे।

एक और मामला उड़ीसा के श्रद्धालु के साथ हुआ जहां ऑनलाइन बुकिंग करने के लिए ठग ने 9 हजार रुपए एडवांस के तौर पर ले लिए। जब वह होटल पर पहुंचे तो यहां पर कमरे की बुकिंग ना होने की बात कही गई। इसके बाद पीड़ित ने महाकाल थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई।

बता दें कि ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे रहे बदमाशों ने उज्जैन की होटलों के नाम पर फर्जी मैप तैयार कर खुद के नंबर डाल रखे हैं। जब भी कोई व्यक्ति इनसे बुकिंग के लिए संपर्क करता है तो वह ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लेते हैं और लेन-देन का सारा डाटा डिलीट कर देते हैं ताकि कोई भी उन्हें पकड़ ना सके। यह भी सामने आया है कि यह झारखंड और बिहार से जुड़े हुए ठगों का काम है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews