उज्जैन में अपनी किस्मत पर ताला लटकाए बैठा करोड़ों का सामुदायिक भवन, जनता को नहीं मिल रही एंट्री

उज्जैन में शहर वासियों को कम शुल्क में शादी और अन्य सांस्कृतिक आयोजनों के लिए जगह उपलब्ध कराने के लिए हेरिटेज शैली में सामुदायिक भवन का निर्माण किया गया था। लोकार्पण के बाद भी ये भवन जनता के लिए उपलब्ध नहीं हो पाया है।
Ujjain

उज्जैन की जनता के लिए बड़े अरमानों और दावों के साथ शहर में हेरिटेज सामुदायिक भवन बनाया गया था। लोगों के मन में उम्मीद जगाई गई थी कि इस सामुदायिक भवन का इस्तेमाल वह सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कम शुल्क में कर सकेंगे। लेकिन यह भवन आज खुद अपने अच्छे दिन शुरू होने का इंतजार कर रहा है।

सामुदायिक भवन को बनाया तो बड़ी जोर शोर से गया लेकिन यह अपने दरवाजे पर ताला लटकाए बैठा है। लगभग 4 करोड़ 48 लाख रुपए की लागत से इस भवन का निर्माण किया गया था। पिछले साल फरवरी 2025 में जोर शोर से इसका लोकार्पण भी किया गया था। लेकिन शहर की जिस जनता के लिए यह लोकार्पित हुआ था, उनके काम ही नहीं आया।

बाहर से भवन निहार रही जनता

2025 में इस भवन के लोकार्पण के दौरान दावा किया गया था कि शहर वासियों को कम शुल्क में शादी, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन करने के लिए सामुदायिक भवन उपलब्ध करवाया जाएगा। लेकिन जनता केवल बाहर से भवन को निहार पा रही है इसका उपयोग नहीं कर पा रही। 1 साल 3 महीना बीत जाने के बाद भी नगर निगम की ओर से इसकी सार्वजनिक बुकिंग शुरू नहीं हो पाई है।

बड़े हॉल और कमरों से लैस भवन

बता दें कि इस सामुदायिक भवन को हेरिटेज शैली में तैयार किया गया है। यहां बड़े हॉल, कमरे, पार्किंग और पारंपरिक कलाकृतियों से सजी दीवारें हैं। 364 स्क्वेयर फिट क्षेत्र में बनाया गया यह भवन कुछ इस तरह डिजाइन किया गया है कि सामाजिक आयोजन और शादी यहां आसानी से की जा सकती है।

प्रशासन का क्या कहना

इस भवन के बारे में महापौर मुकेश टटवाल का कहना है कि इसके संचालन के लिए एमआईसी के प्रस्ताव की जरूरत नहीं है। वही तत्कालीन निगम आयुक्त आशीष पाठक की ओर से इसे शुरू करने के आदेश भी जारी किए गए थे। आयुक्त के निर्देश को भी काफी वक्त हो गया है इसके बावजूद भी करोड़ों की लागत से बना हेरिटेज भवन जनता के लिए बंद पड़ा है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews