उज्जैन में बिजली का बिल वसूल करने के लिए पहुंचे कर्मचारियों की टीम पर हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। ये मामला जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र के खरसोद खुर्द का बताया जा रहा है। यहां पर बिजली बिल की वसूली करने के लिए पहुंची टीम के साथ किसान और उसके बेटे ने मारपीट की।

मौके पर पहुंची टीम ने जब किसान से बिल की राशि जमा करने को कहा तो वाद विवाद शुरू हो गया। इसके बाद किसान पिता पुत्र मारपीट पर उतर गए। घटना में कर्मचारी के सिर, कंधे और आंख में चोट आई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने किसान श्याम पंड्या और अर्जुन पंड्या के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बिल जमा करने की बात पर विवाद

जानकारी के मुताबिक बिजली विभाग के वरिष्ठ परीक्षण सहायक ईश्वर भिलाला अपने साथी कर्मचारी कचरु गारी, घनश्याम गारी और अनिल के साथ दोपहर के समय अस्थाई कृषि बिजली कनेक्शन के बिल की वसूली के लिए पहुंचे।

बिजली विभाग की टीम के कर्मचारियों ने बताया कि श्याम पंड्या ने बिल जमा करने से इनकार कर दिया। इसपर उन्होंने कनेक्शन काटने की बात कही तो श्याम ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल शुरू कर दिया। इसके बाद धक्कामुक्की और मारपीट भी की गई। इस दौरान अर्जुन पंड्या भी मौके पर पहुंचा और मारपीट करने लगा।

सामने आया वीडियो

मारपीट के इस मामले का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें पंड्या परिवार के लोगों और बिजली विभाग के कर्मचारियों के बीच विवाद दिखाई दे रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि इस विवाद में दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थे। हालांकि अभी तक किसी की भी मौजूदगी की बात स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने अर्जुन पंड्या के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू के दी है।

एफआईआर के लिए करना पड़ा इंतजार

कर्मचारियों ने यह भी बताया कि मोती से निकलकर वह थाने पहुंचे लेकिन फिर दर्ज करने के लिए उन्हें 4 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। जब बिजली विभाग का पूरा अमला थाने पहुंचा तब कहीं जाकर रात 8 बजे मामला दर्ज किया गया।