
Bhopal firecracker market Inspection
दीपावली से पहले हलालपुर स्थित पटाखा बाजार सजकर तैयार हो गया है। बाजार में पटाखों की दुकानें लग चुकी हैं और व्यापारियों ने अपनी दुकानों पर अग्निशमन यंत्र सहित आग से बचाव के इंतजाम किए हैं। इसी बीच जिला प्रशासन की टीम ने बाजार का निरीक्षण कर फायर सेफ्टी व्यवस्था का जायजा लिया और सुरक्षा मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए। हालांकि, बाजार में अब तक फायर ब्रिगेड की तैनाती नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
हलालपुर पटाखा बाजार के आसपास पेट्रोल पंप और घनी आबादी वाला रहवासी क्षेत्र होने के कारण किसी भी दुर्घटना के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। ऐसे में केवल दुकानों पर अग्निशमन यंत्र रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आपात स्थिति में तत्काल राहत और आग पर काबू पाने के लिए दमकल की उपलब्धता भी जरूरी है। त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठ रही है।
सुरक्षित स्थान पर बाजार शिफ्ट करने की मांग
समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दुर्गेश केसवानी ने कहा पटाखा बाजार के आसपास आवाजाही बहुत है , रहवासी क्षेत्र है इसलिए यहाँ सतत निगरानी जरूरी है जो प्रशासन कर रहा है, उन्होंने कह सही दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना चाहिए , केसवानी ने कहा प्रशासन इसकी शिफ्टिंग की प्रक्रिया पर भी विचार कर रहा है ।
प्रशासन के निर्देशों का पालन करेंगे व्यापारी
पटाखा मार्केट के अध्यक्ष आसनदास चंदनानी ने कहा कि व्यापारी प्रशासन की 15 शर्तों के अनुसार कारोबार कर रहे हैं। सभी दुकानों पर आग बुझाने के इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन आगे भी जो निर्देश देगा, उनका पालन किया जाएगा। उन्होंने बाजार में एक दमकल वाहन तैनात करने की जरूरत बताई, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अधिकारी का पक्ष
तहसीलदार हुजूर हर्ष विक्रम सिंह ने निरीक्षण के दौरान दुकानों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों का जायजा लिया है। दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और आगजनी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं। क्योंकि यहां के व्यापारी न्यायालय की शरण में जाकर स्टे लिया हुआ है,उसे देखते हुए नियमों का पालन किया जा रहा है। बाजार में फायर ब्रिगेड भी मौजूद करवा दी जाएगी। कार्बाइड गन को लेकर भी प्रशासन ने पुलिस प्रशासन ने औचक निरीक्षण करने को कहा है। हालांकि अभी तक यहां कार्बाइड गन नहीं मिली है।

रवि कुमार की रिपोर्ट

