लोकायुक्त पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मंडी के उप निरीक्षक को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा, आउटसोर्स कर्मचारी भी गिरफ्तार

उज्जैन की माकड़ोन अनाज मंडी में लोकायुक्त पुलिस ने सोयाबीन की गाड़ी बाहर निकालने के एवज में 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते मंडी उपनिरीक्षक और आउटसोर्स कर्मचारी को रंगे हाथ पकड़ा।
Ujjain News

मध्यप्रदेश में रिश्वतखोरी के लगातार मामले सामने आ रहे हैं। जिससे सरकारी कामकाज में भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ताजा मामला उज्जैन से सामने आया है। जहां उज्जैन लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये मंडी उपनिरीक्षक एवं आउटसोर्स कर्मचारी को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा है।

बता दें कि जिले की माकड़ोन अनाज मंडी में सोयाबीन का माल बाहर निकालने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। लोकायुक्त पुलिस ने 16 अक्टूबर को मंडी उपनिरीक्षक रोशन आर्य और आउटसोर्स कर्मचारी संतोष भाटी 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। लोकायुक्त ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद मंडी परिसर और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

हर बोरी पर 10 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप

जानकारी अनुसार, ग्राम रूपाखेड़ी निवासी एक व्यापारी योगेश राठौर ने लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि माकड़ोन मंडी के उपनिरीक्षक रोशन आर्य सोयाबीन की प्रत्येक बोरी पर 10 रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं। व्यापारी का आरोप था कि मंडी शुल्क जमा करने के बावजूद रिश्वत नहीं देने पर सोयाबीन से भरी गाड़ी मंडी से बाहर नहीं जाने देने की धमकी दी जाती थी।

लोकायुक्त ने दोनों कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा

शिकायत का सत्यापन डीएसपी राजेश पाठक ने किया। जांच में आरोप सही पाये जाने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद शुक्रवार को लोकायुक्त की टीम मंडी पहुंची और शिकायतकर्ता योगेश राठौर ने उप निरीक्षक रोशन आर्य को 4 हजार रुपये दे दिये। इसके बाद रोशन आर्य ने वह पैसे साथी कर्मचारी संतोष भाटी को दे दिये। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने दोनों को मंडी परिसर में ही रंगे हाथ दबोच लिया। लोकायुक्त ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
लोकायुक्त पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मंडी के उप निरीक्षक को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा, आउटसोर्स कर्मचारी भी गिरफ्तार - MP Breaking News