उज्जैन में साइबर ठगी के मामले, किसी की सैलरी उड़ी तो किसी को बाइक का लालच देकर लूटा

उज्जैन में साइबर फ्रॉड के मामले बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। गुरुवार को अलग-अलग थाना क्षेत्र के 6 मामले सामने आए थे। अब शुक्रवार को एक बार फिर पांच मामलों की जानकारी सामने आई है।
Ujjain

उज्जैन में गुरुवार को ही 6 लोगों के साथ साइबर फ्रॉड किए जाने का मामला सामने आया था। अब एक बार फिर साइबर ठगी के पांच मामले सामने आए हैं। दो दिनों के भीतर एक के बाद एक इस तरह के मामले सामने आने से लोगों के बीच चर्चा का दौर भी देखा जा रहा है।

शुक्रवार को शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्र में रहने वाले लोगों के बैंक खाते से रकम उड़ाने की जानकारी सामने आई है। ठगी के इन मामलों में करीब 3 लाख 80 हजार रुपए का चूना लोगों को लगाया गया है। पुलिस ने 1930 हेल्पलाइन के माध्यम से मिली शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है।

बाइक के लालच में ठगी

चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र में आने वाले गंगानगर के निवासी राजेश बाड़ोलिया के साथ इंस्टाग्राम पर बाइक का लालच देकर ठगी की गई है। राजेश ने बताया कि उन्हें श्री सांवरिया सेठ उपहार योजना का विज्ञापन दिखाई दिया था। योजना के लालच में उन्होंने 200 रुपए एंट्री फीस जमा कर टोकन लिया। इसके बाद उन्हें फोन आया जिसमें बताया गया कि वह स्प्लेंडर बाइक जीत गए हैं। बाइक लेने से पहले उन्हें गौशाला में दान के नाम पर 10000 रुपए देने और कागजात तैयार करने के नाम पर 11000 और फिर 16500 जमा करने को कहा गया। इसके बाद सिक्योरिटी के नाम पर 21 हजार रुपए और जीपीएस की परेशानी बता कर 8100 ले लिए गए। इस तरह से उनसे 66,600 रुपए ठगे गए। शक होने पर उन्होंने परिजनों को जानकारी दी और पुलिस ने शिकायत दर्ज करवाई।

खाते से उड़ी सैलरी

एक मामला बलराम थाना क्षेत्र की वर्धमान कॉलोनी से सामने आया है। यहां लाइनेक्स कंपनी में काम करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उनका वेतन एचडीएफसी बैंक के खाते में आया था। वेतन आने के बाद खाते में 32175 थे। जब कुछ देर बाद बैलेंस चेक किया तो केवल 175 रुपए बचे थे। नेट बैंकिंग के स्टेटमेंट में पता चला कि 32000 रुपए फिनो बैंक के खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। कर्मचारियों ने बताया की राशि काटने का कोई मैसेज नहीं आया। 1930 का शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बड़नगर में भी मामला

बड़नगर थाना क्षेत्र में ठगी के दो मामले देखने को मिले है। शुभम कोहली ने बताया कि किसी व्यक्ति ने गलत पहचान बताकर और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का इस्तेमाल कर उनसे 42190 की धोखाधड़ी की है। वहीं जितेंद्र कुमार ने ठगी की शिकायत की है और बताया कि फोन हैंग होने के बाद यूपीआई से रकम कट गई थी। उन्होंने 81999 की धोखाधड़ी की जानकारी दी है।

दुकानदार के साथ ठगी

जीवाजीगंज क्षेत्र के राम सिंह पवार किराना दुकान संचालक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि दूध वाले को भुगतान करने के लिए जब उन्होंने अपना मोबाइल निकाला। तब बैंक के खाते में काम राशि थी। जानकारी निकालने पर पता चला कि उनके खाते से 99 हजार रुपए का यूपीआई ट्रांजैक्शन किया गया था। दुकानदार ने आशंका जताई है कि मोबाइल हैक कर खाते से रकम निकाली गई है। पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews
उज्जैन में साइबर ठगी के मामले, किसी की सैलरी उड़ी तो किसी को बाइक का लालच देकर लूटा