उज्जैन में नगर निगम की कार्रवाई लगातार देखने को मिल रही है। अलग अलग क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इसी के साथ जर्जर मकानों और भवनों पर भी कार्रवाई की जा रही है। पुराने शहर के साथ अब नए शहर यानी फ्रीगंज में भी निगम की कार्रवाई देखने को मिल रही है।
इसी कड़ी में रात 3 बजे भी निगम का पंजा चलता हुआ दिखाई दिया। नगर निगम की टीम बुधवार गुरुवार की दरमियानी रात फ्रीगंज क्षेत्र में पहुंची और यहां स्थित एक जर्जर मकान को तोड़ दिया। रात में हुई रिमूवल गैंग की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हलचल की स्थिति देखने को मिली।
ये भी पढ़ें
जर्जर मकान किया ध्वस्त
निगम की रिमूवल गैंग की ये कार्रवाई फ्रीगंज स्थित गुरुद्वारे के सामने धनवंतरी मार्ग पर की गई। यहां पर मुकुल चोबले के नाम से एक भवन था। ये भवन काफी खतरनाक स्थिति में था, जिसके कारण यहां पर रिमूवल की कार्रवाई की गई। जानकारी के मुताबिक इस भवन की स्थिति को देखते हुए भवन स्वामी का नोटिस भी जारी किया गया था। यहां पर सूचना फ्लैक्स भी लगाया गया ताकि लोगों को खतरे से आगाह किया जा सके।
पोकलेन से एक घंटे में गिराया भवन
रिमूवल गैंग रात 3 बजे मौके पर पहुंची। टीम यहां पोकलेन मशीन के साथ पहुंची और मकान को तोड़ना शुरू किया। तकरीबन एक घंटे तक ये कार्रवाई चली और मकान को पूरी तरह से गिरा दिया। इस कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद साहू, भवन निरीक्षक आनंद परमार, सहायक यंत्री अर्जुन राजपूत मौजूद थे। सुबह के समय इस क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही ज्यादा रहती है। यही वजह रही कि निगम ने रात में रिमूवल की कार्रवाई की।
