आने वाले त्योहारों को देखते हुए उज्जैन पुलिस लगातार मुस्तैद दिखाई दे रही है। शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे और सुरक्षा में कोई चूक न हो इसे लेकर एहतियात बरता जा रहा है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार शाम शहर के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस का फ्लैग मार्च देखने को मिला।
देर शाम निकाले गए इस फ्लैग मार्च में 300 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सड़कों पर दिखाई दिए। अलग अलग इलाके की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने नागरिकों से शांतिपूर्वक सभी त्योहार मनाने और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
अफवाहों से बचने की अपील
इस फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों को सोशल मीडिया पर चलने वालो अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है। किसी भी गलत जानकारी पर विश्वास न करने और उसे फैलाने से पहले सत्यता की जांच करने को कहा गया है। ये भी बताया गया कि अगर किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी लगती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इन इलाकों से निकला फ्लैग मार्च
उज्जैन पुलिस का ये फ्लैग मार्च जीवाजीगंज, महाकाल, नानाखेड़ा और माधव नगर थाना क्षेत्र में निकाला गया। पैदल और गाड़ियों के जरिए पुलिस ने संवेदनशील इलाकों और मुख्य मार्गों का दौरा किया। लोगों को ये विश्वास दिलाया गया कि वो पूरी तरह से सुरक्षित हैं और किसी भी तरह की परेशानी शहर में नहीं है।
पुलिस का क्या कहना
इस फ्लैग मार्च को लेकर पुलिस का कहना है कि शहर की शांति व्यवस्था बनी रहे। नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके यही प्रशासन की मंशा है। जो भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने या शांति भंग करने की कोशिश करेगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों को लेकर पुलिस की गश्त चलती रहेगी।






