सागर में जब से जहरीली शराब से हुई मौत की जानकारी सामने आई है। तब से मध्य प्रदेश के हर जिले में पुलिस को सतर्कता बरतते हुए देखा जा रहा है। उज्जैन पुलिस भी सतर्क नजर आ रही है। जिले में बिना अनुमति के बिकने वाली शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में अब अलग-अलग थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 405 क्वार्टर अवैध देसी और मसाला शराब के साथ बीयर और कच्ची हाथ भट्टी की शराब बरामद की है। इस दौरान 37 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई भी की गई है।
अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई
उज्जैन पुलिस लगातार जिले में अवैध शराब बेचने, बनाने और स्टोरेज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पंवासा क्षेत्र से 67 क्वार्टर शराब, 6 बीयर यूनिट और अलग अलग जगहों से कच्ची और अवैध शराब जब्त की गई है। यह सारी कार्रवाई महाकाल, चिंतामण और भैरवगढ़ थाना क्षेत्र में की गई है।
नशे के विरुद्ध उज्जैन पुलिस की सख्त कार्रवाई!
जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर 405 क्वार्टर शराब, 06 बीयर यूनिट व कच्ची शराब बरामद की गई। 37 आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई की गई।#UjjainPolice #नशामुक्त_उज्जैन #PoliceAction pic.twitter.com/j0ZORWQhAv
— SP UJJAIN (@sp_ujjain) September 9, 2026
नागदा में भी कार्रवाई
पुलिस ने नागदा में दो ढाबा संचालकों को ग्राहकों को अवैध रूप से शराब पिलाते हुए पकड़ा। महिदपुर रोड और राघवी थाना क्षेत्र में भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। माकड़ोन थाना पुलिस ने भी ग्राम पाट में कार्रवाई करते हुए हाथ भट्टी की कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को पकड़ा है।
झारड़ा और बिरलाग्राम में भी कार्रवाई
बिरला ग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 112 क्वार्टर जब्त किए हैं। बड़नगर क्षेत्र में 72 क्वार्टर अवैध शराब मिली है। झारड़ा थाना क्षेत्र से अलग अलग कार्रवाई में 19, 30 और 21 क्वार्टर देशी शराब जब्त की गई। घट्टिया पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ कर 61 क्वार्टर शराब जब्त की है।






