
उज्जैन में साइंस कॉलेज में बीते दिन जमकर हंगामा देखने को मिला। जब यहां हुई मारपीट के बाद FIR दर्ज करवाने की कोशिश की गई और शिकायत नहीं सुनी गई तो हंगामा ओर भी बढ़ गया। नाराज होकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर दिया।
FIR ना होने से नाराज ये सारे कार्यकर्ता एक साथ एसपी ऑफिस पहुंचे। यहां सड़क पर बैठकर इन्होंने आवागमन का मार्ग पूरी तरह से जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लगभग एक घंटे तक कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की। इसके बाद सभी माधवनगर थाने पहुंचे। यहां इन्हें जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
क्या हुआ था
ये पूरा मामला देवास रोड स्थित गवर्मेंट साइंस कॉलेज का है। मंगलवार को यहां छात्रों की समस्याओं को लेकर बीएएसएफ के बैनर तले प्रदर्शन किया गया था। सभी ने प्राचार्य को ज्ञापन भी दिया था। लेकिन असली हंगामा तब हुआ जब पार्टी के महासचिव राम सोलंकी के साथ कैंटीन एरिया में मारपीट की गई। इस दौरान उन्हें सिर में चोट लगी है। इसके बाद चरक अस्पताल में उनका इलाज किया गया।
ABVP का आरोपों से इनकार
अपने साथ हुई मारपीट के बाद सोलंकी ने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ एबीवीपी के उज्जैन विभाग संयोजक आदर्श चौधरी में सारे आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि इस समय पदाधिकारी कॉलेज में मौजूद नहीं थे। वह गीता भवन ऑडिटोरियम में महिला दिन के कार्यक्रम में गए हुए थे। उन्होंने इन सारे आरोपों का कारण राजनीतिक द्वेषता को बताया है।
हंगामा और चक्का जाम के बाद पुलिस मौके पर पहुंची उसके बाद सभी माधवनगर थाने पहुंचे। यहां थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को समझाकर थाने लाया गया है। मामले की जांच चल रही है और आगे की कार्रवाई उसी के आधार पर की जाएगी।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

