MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

क्या आमने सामने कांग्रेस? मुख्यमंत्री के दौरे से पहले उमरिया जिला और यूथ कांग्रेस के अलग अलग बयान

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के दौरे से पहले उमरिया में कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के दो बयानों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है, जिला कांग्रेस जहाँ मुख्यमंत्री से विकास की बात करना चाहती है वही यूथ कांग्रेस ने काले झंडे दिखाने का ऐलान किया है।
CM Dr. Mohan Yadav's Umaria Tour

CM Dr. Mohan Yadav’s Umaria Tour

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 14 अक्टूबर बुधवार को उमरिया आगमन को लेकर जिले में तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया जाएगा। वहीं, लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से किस्त की राशि अंतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जहां प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष द्वारा जारी किए गए एक प्रेस नोट ने जिले की सियासत में हलचल पैदा कर दी है।

लाड़ली बहनों को मिलेगी किस्त, विकास कार्यों की मिलेगी सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने उमरिया प्रवास के दौरान लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के जरिए किस्त की राशि भेजेंगे।  इसके साथ ही करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन और पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के दौरे को जिले के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यूथ कांग्रेस के प्रेस नोट से गरमाई राजनीति

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अनुराग सिंह अम्बुज द्वारा एक प्रेस नोट जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। उनका प्रेस नोट सोशल व्हाट्स एप ग्रुपों में वायरल है,  इस प्रेस नोट में मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की बात कही गई थी। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में इस विषय को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के बीच इस तरह के ऐलान ने कांग्रेस संगठन के भीतर की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस मामले में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय कोल का रुख सामने आने के बाद राजनीतिक घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बोले, मुझे प्रेस नोट की जानकारी नहीं

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय कोल ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मिलने का समय माँगा है जिससे वे उमरिया की समस्या , उमरिया के विकास के बारे में उन्हें ज्ञापन सौंप सकें, लेकिन जब मीडिया ने उनसे सवाल किया कि यूथ कांग्रेस तो काले झंडे दिखाकर विरोध की बात कर रही है,  सवाल सुनकर सहमे कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है, उनके इस बयान के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने यह निर्णय संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा किए बिना लिया है?

बहरहाल, मुख्यमंत्री के उमरिया आगमन को लेकर विकास कार्यों और लाड़ली बहना योजना की किस्त के साथ-साथ काले झंडे दिखाने के ऐलान पर भी लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि मुख्यमंत्री का दौरा किस तरह संपन्न होता है और इस राजनीतिक घटनाक्रम पर कांग्रेस संगठन की ओर से आगे क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

ब्रजेश श्रीवास्तव की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews
क्या आमने सामने कांग्रेस? मुख्यमंत्री के दौरे से पहले उमरिया जिला और यूथ कांग्रेस के अलग अलग बयान