MP Breaking News

उमरिया में खाद के लिए किसानों की जद्दोजहद, वितरण केंद्र पर लंबी कतारें, तीन दिन में भी नहीं आ रहा नंबर, जिम्मेदार दे रहे ये सफाई

पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को सहकारी समितियों और अशासकीय बिक्री केंद्रों के लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
Farmers struggle for fertilizer in Umaria

Farmers struggle for fertilizer in Umaria

खरीफ सीजन के बीच उमरिया जिले में किसानों को खाद के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धान की रोपाई पूरी होने के बाद अब खेतों में खाद डालने का महत्वपूर्ण समय है, लेकिन मांग के अनुरूप खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों को घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। खाद वितरण केंद्रों पर सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

यह तस्वीरें उमरिया जिला मुख्यालय स्थित मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन वितरण केंद्र की हैं, जहां खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंच रहे हैं। किसान सुबह से ही केंद्र पर पहुंचकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। कई किसान घंटों तक भूखे-प्यासे लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। वहीं, लंबे समय तक खड़े नहीं रह पाने वाले बुजुर्ग किसान थककर वितरण केंद्र के बाहर जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

खाद वितरण केंद्रों पर लम्बी लाइन 

किसानों का कहना है कि धान सहित अन्य खरीफ फसलों की रोपाई का काम पूरा हो चुका है। अब फसलों की अच्छी बढ़वार के लिए खाद की सबसे अधिक जरूरत है। लेकिन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को सहकारी समितियों और अशासकीय बिक्री केंद्रों के लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

तीन दिन में भी किसान को नहीं मिल पा रही खाद 

किसानों ने बताया कि खाद के लिए उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई दिन लाइन में लगने के बावजूद खाद नहीं मिल पाती, जिससे उनका समय और मेहनत दोनों बर्बाद हो रहे हैं। किसानों को चिंता है कि यदि फसल में समय पर खाद का उपयोग नहीं किया गया तो फसलों की बढ़वार प्रभावित हो सकती है और इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ सकता है।

जिम्मेदार दे रहे अपने तर्क, किसान बोले हमें समय पर खाद मिले 

कृषि विस्तार अधिकारी संग्राम सिंह खाद की कमी की बात से इंकार कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी और वितरण प्रक्रिया की जटिलता के कारण खाद वितरण में समय लगता है इसलिए किसान को देर में खाद मिल पाती है।  किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि वितरण केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए और वितरण व्यवस्था को सुचारु किया जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews
उमरिया में खाद के लिए किसानों की जद्दोजहद, वितरण केंद्र पर लंबी कतारें, तीन दिन में भी नहीं आ रहा नंबर, जिम्मेदार दे रहे ये सफाई