
Accused of molesting female students Assistant teacher arrested
उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत सुलतानपुर स्कूल में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने के आरोप में फरार चल रहे सहायक शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शिक्षक पुलिस की गिरफ्त से बचकर उमरिया जिले से बाहर भागने की कोशिश में था, तभी पुलिस ने उसे देर रात करीब 2 बजे पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार सुलतानपुर स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक पर कुछ छात्राओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ एवं अश्लील हरकतें करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे। मामले की शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए सहायक शिक्षक कोमल चंद गुप्ता को निलंबित कर दिया था और पुलिस में एफआईआर दर्ज करा दी थी।
उमरिया से भागने की कोशिश में था, रात 2 बजे पकड़ा गया
पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। तफ्तीश के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी उमरिया से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए देर रात करीब 2 बजे आरोपी शिक्षक को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को अपनी कस्टडी में लेकर मामले में उससे आरोपों के विषय में पूछताछ की।
न्यायालय ने आरोपी शिक्षक को जेल भेजा
पुलिस ने पूछताछ करने के बाद आरोपी शिक्षक कोमल चंद गुप्ता को न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने आरोपी को जेल भेजने के आदेश दिए, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।
पुलिस कर रही मामले की जाँच
बहरहाल छात्राओं से जुड़े इस संवेदनशील मामले को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। लोग शिक्षक के व्यवहार की निंदा और अपनी बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चर्चा कर रहे हैं। उधर अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उमरिया से ब्रजेश श्रीवास्तव की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

