
Umaria News : उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पास स्थित चंदिया सामान्य वन मंडल में जंगली हाथी का शावक देखा गया। जिसके बाद से आसपास के गांवों और वन विभाग को सतर्क कर दिया है। बता दें कि यह शावक उन 10 हाथियों में से किसी का है, जिनकी हाल ही में मौत हुई है। ऐसी संभावना है कि यह शावक अपनी मां की तलाश में इधर-उधर भटक रहा है।
इसी कड़ी में उसे सलखनिया में देखा गया है, जहां मृत हाथियों को दफनाया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हाथी शावक ने धौरखोह, दुब्बार और हाइवे से होकर चंदिया तक का सफर तय किया है।
ग्रामीणों में दहशत
ग्रामीणों का कहना है कि वह उस खेत तक भी पहुंच गया था, जहां एक जंगली हाथी ने भैरव कोल की जान ली थी। माना जा रहा है कि हाथी स्वभाव से परिवार प्रेमी जानवर होता है, इस लिए अब सम्भावना जताई जा रही है कि परिवार से बिछड़ा हाथी शावक अपने परिवार को तलाशता चंदिया क्षेत्र पहुंचा है, जबकि 13 हाथियों के बड़े झुंड में 10 हाथियों की मौत हो गई है। वहीं, 11वां हाथी रेस्क्यू के बाद खितौली बीट में प्रबन्धन की निगरानी में है।
वन विभाग अलर्ट
कुल मिलाकर जंगली हाथियों का बड़ा कुनबा खत्म हो चूका है। बाकी बचे हाथी फिलहाल अपने झुंड व परिवार की तलाश में भटक रहे है। हाथी शावक के चंदिया में देखे जाने के बाद वन अमला अलर्ट मोड पर है। पार्क प्रबन्धन व वन विभाग रेगुलर संयुक्त रूप से हाथी शावक की निगरानी कर रहे है। हाथी के आने की खबर से आसपास के गांव भी सतर्क है।
[dgv_vimeo_video id=”1026409054″]
उमरिया, ब्रजेश श्रीवास्तव
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

