Hindi News

‘मिस्टर योगी, तैयार हो जाओ..’ AIMIM विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने सीएम योगी को दी सीधी चुनौती

Written by:Ankita Chourdia
Published:
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खुली चुनौती दी है। तेलंगाना के निजामाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यूपी में पार्टी के विस्तार और पूरी ताकत से चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
‘मिस्टर योगी, तैयार हो जाओ..’ AIMIM विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने सीएम योगी को दी सीधी चुनौती

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों का सियासी पारा अभी से चढ़ने लगा है। इस बार ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने समय से पहले ही अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी के प्रमुख नेताओं में से एक और असदुद्दीन ओवैसी के भाई अकबरुद्दीन ओवैसी ने सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ललकारा है।

तेलंगाना के निजामाबाद में आयोजित एक जनसभा में अकबरुद्दीन ने अपने समर्थकों के बीच ऐलान किया कि AIMIM अब उत्तर प्रदेश में अपना संगठन मजबूत करेगी और चुनाव में उतरेगी। इसी दौरान उन्होंने सीएम योगी को लेकर एक चुनौतीपूर्ण बयान दिया।

“मिस्टर योगी, तैयार हो जाओ, यूपी भी आ रहा हूं।”- अकबरुद्दीन ओवैसी

उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से कहा, “चलेंगे यूपी, चलो इसके बाद यूपी चलते हैं और यूपी में अपनी ताकत, अपने झंडे को गाड़ते हैं। इस झंडे को वहां भी लहराएंगे।” उनके इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

यूपी में AIMIM की नई रणनीति?

यह पहली बार नहीं है जब AIMIM उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। इससे पहले भी पार्टी ने राज्य में चुनाव लड़ा है, लेकिन उसे कोई विशेष सफलता हाथ नहीं लगी थी। हालांकि, अकबरुद्दीन ओवैसी के इस आक्रामक ऐलान को पार्टी की नई रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि AIMIM 2027 के चुनावों से पहले राज्य में अपनी जमीन तैयार करने की कोशिश कर रही है ताकि नए राजनीतिक समीकरण बनाए जा सकें।

विवादों से पुराना नाता

अकबरुद्दीन ओवैसी की पहचान एक फायरब्रांड नेता की है और वह अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। साल 2012 में दिया गया उनका ’15 मिनट’ वाला बयान काफी विवादों में रहा था, जिसका जिक्र आज भी राजनीतिक बहसों में होता है।

छह बार के विधायक हैं अकबरुद्दीन: वह हैदराबाद की चंद्रयानगुट्टा विधानसभा सीट से लगातार छह बार विधायक चुने जा चुके हैं। उनकी गिनती AIMIM के सबसे कद्दावर नेताओं में होती है। साल 2023 में वह तेलंगाना विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर भी रह चुके हैं। उनका यह नया बयान यूपी की सियासत में क्या गुल खिलाता है, यह देखना दिलचस्प होगा।