
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को एक बड़ा बयान देते हुए प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को मुख्यमंत्री बनने का खुला ऑफर दे दिया है। उन्होंने शर्त रखी है कि दोनों में से कोई भी 100 विधायक अपने साथ लाए और मुख्यमंत्री बन जाए।
यह पहली बार नहीं है जब अखिलेश यादव ने केशव प्रसाद मौर्य को ऐसा ऑफर दिया हो, लेकिन इस बार उन्होंने ब्रजेश पाठक का नाम भी इसमें जोड़कर इस मुद्दे को और हवा दे दी है। अखिलेश ने कहा, “हम पहले भी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को सीएम पद का ऑफर दे चुके हैं। चलो एक बार फिर दे देते हैं।”
“दोनों डिप्टी सीएम में से कोई भी 100 विधायक लाइए और सीएम जाइए। इससे अच्छा ऑफर उन्हें कहीं नहीं मिलेगा।”- अखिलेश यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी
अखिलेश के इस बयान के बाद अब सबकी निगाहें केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि वे इस सियासी पेशकश पर क्या जवाब देते हैं।
शंकराचार्य प्रकरण पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने हालिया शंकराचार्य प्रकरण को लेकर भी योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सरकार शंकराचार्यों के साथ व्यवहार कर रही है, वह निंदनीय है और जनता इसका जवाब जरूर देगी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “बताइए, शंकराचार्य जी के साथ क्या व्यवहार हो रहा है? हमारी सनातनी व्यवस्था में किसी शंकराचार्य को गंगा स्नान से नहीं रोका गया, लेकिन ये पहली बार हुआ।”
इस दौरान उन्होंने लगभग 20 साल पुरानी एक घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “शंकराचार्य को अपमानित करने के लिए किसको ढूंढकर लाए? रामभद्राचार्य जी के बारे में कुछ बोलना नहीं चाहिए, लेकिन अगर यह उनका चेला है तो मुझसे गलती हुई है। हमने रामभद्राचार्य पर दर्ज 420 का मुकदमा वापस लिया था। मुझे उन्हें जेल भेज देना चाहिए था।”
‘जनता ने सरकार को अस्वीकार कर दिया है’
योगी सरकार पर हमलावर रुख अपनाते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि यह सरकार बचने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता ने इसे अस्वीकार कर दिया है और अब केवल सही समय पर वोट डालने का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जनता की पीड़ा बढ़ रही है, वैसे-वैसे PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन और मजबूत होता जा रहा है। अखिलेश ने पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री की जापान यात्रा और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए।
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.
