उत्तर प्रदेश: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बहराइच में जनसभा को किया संबोधित, एनकाउंटर मुद्दे पर सरकार को घेरा, पढ़ें खबर

हैदराबाद के सांसद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी रविवार को यूपी के बहराइच की मटेरा विधानसभा पहुंचे जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान ओवैसी ने यूपी में हो रहे एनकाउंटर मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा।
Asaduddin Owaisi

उत्तर प्रदेश में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होना है जिसको लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। इस बीच, अब यूपी चुनाव के लिए हैदराबाद से सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी ने भी कमर कस ली है। रविवार को ओवैसी उत्तर प्रदेश दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने बहराइच की मटेरा विधानसभा से चुनावी बिगुल फूंक दिया।

असदुद्दीन ओवैसी ने मटेरा में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया और योगी सरकार की नीतियों को लेकर हमला बोला। इस दौरान ओवैसी ने मटेरा को लेकर कहा कि मटेरा एक परिवार की जागीर नहीं है। क्षेत्र की जनता अब बदलाव चाहती है। ओवैसी ने कहा कि पिछले करीब 25 वर्षों से एक ही परिवार क्षेत्र की राजनीति पर प्रभाव बनाए हुए है, लेकिन आम मुसलमानों और कमजोर वर्गों की आवाज विधानसभा तक नहीं पहुंच सकी।

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मटेरा क्षेत्र के लोगों से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में विधायक बनाकर विधानसभा भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि शौकत अली के विधायक बनने से मटेरा और बहराइच क्षेत्र की समस्याओं और जनता की आवाज को विधानसभा में मजबूती के साथ उठाया जा सकेगा। इसके साथ ही ओवैसी ने प्रदेश में राजनीतिक बदलाव का आह्वान करते हुए लोगों से AIMIM को समर्थन देने की अपील की।

असदुद्दीन ओवैसी ने एनकाउंटर मुद्दे पर सरकार को घेरा

असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी में हो रहे एनकाउंटर मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में एनकाउंटर की घटनाएं सामने आई हैं। उनका दावा है कि इन कार्रवाइयों के दौरान कई निर्दोष लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान किसी भी धर्म, जाति या वर्ग के आधार पर भेदभाव की अनुमति नहीं देता और कानून का राज सभी नागरिकों के लिए समान रूप से लागू होना चाहिए।

ओवैसी ने कहा कि लोकतंत्र में न्याय, समान अवसर और कानून के समक्ष बराबरी प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि वंचित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों की समस्याओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण उनकी आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठ पाती।

AIMIM ने बसपा को दिया गठबंधन का ऑफर

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के यूपी दौरे से पहले 12 जून को पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष शौकत अली ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मायावती की बहुजन समाज पार्टी को गठबंधन का ऑफर दिया था। शौकत अली ने कहा था कि AIMIM आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा के साथ मिलकर लड़ना चाहती है। उन्होंने कहा, यदि यह गठबंधन बनता है तो इसके दम पर भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी दोनों को कड़ी चुनौती दी जा सकती है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews