ब्रह्मोस मिसाइल प्रथम बैच फ्लैग-ऑफ समारोह में बोले योगी, भारत की रक्षा आवश्यकताओं में आत्मनिर्भरता की एक मिसाइल

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश न सिर्फ मैन्युफैक्चरिंग हब बनेगा, रोजगार का भी नया Epicenter साबित होगा।
flag-off ceremony of the first batch of BrahMos missiles

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ ब्रह्मोस एयरोस्पेस लखनऊ इकाई में बनी ब्रह्मोस मिसाइलों के प्रथम बैच के फ्लैग-ऑफ समारोह में शामिल हुए। योगी ने कहा लखनऊ में बनी हुई मिसाइल, देश वासियों को उनकी सुरक्षा, समृद्धि को संरक्षित करने की और खुशहाली के प्रति एक आश्वस्ति है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा लखनऊ से निकलने वाला हर कदम भारत की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता हुआ एक प्रभावी कदम है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी की तारीफ करते हुए कहा, आपने जिस तरह से प्रदेश के लॉ एंड ऑर्डर को संभाला है, वह अपने आप में एक मिसाल है, जिस तरह से उत्तर प्रदेश प्रगति की राह पर बढ़ रहा है, उसे देखते हुए मैं कह सकता हूं, उत्तर प्रदेश ‘डेवलपमेंट और डिफेंस’ दोनों के नए युग का प्रतीक बनने जा रहा है।

रक्षा मंत्री ने कहा लखनऊ से निकलने वाला हर कदम भारत की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता हुआ एक प्रभावी कदम है… जो कुछ भी उत्तर प्रदेश में हो रहा है उसके लिए मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं, दिल खोलकर उन्होंने समर्थन दिया है।

पाकिस्तान की एक-एक इंच जमीन हमारे ब्रह्मोस की पहुंच में

राजनाथ सिंह ने कहा, पाकिस्तान की जहां तक बात है, तो अब उसकी एक-एक इंच जमीन हमारे ब्रह्मोस की पहुंच में है, ऑपरेशन सिंदूर तो सिर्फ एक ट्रेलर था, उस ट्रेलर ने पाकिस्तान को अहसास दिला दिया कि अगर भारत, पाकिस्तान को जन्म दे सकता है तो समय आने पर वह ….आगे बोलने की मुझे जरुरत नहीं है आप खुद समझदार हैं।

ब्रह्मोस, भारत की रक्षा आवश्यकताओं में आत्मनिर्भरता की एक मिसाइल

योगी आदित्यनाथ ने कहा  ये हमारे लिए प्रफुल्लित होने का क्षण है और मेरे लिए तो विशेष इसलिए भी क्योंकि लखनऊ में प्रधानमंत्री मोदी के मेक इन इंडिया के संकल्प को पूरा करने और स्वदेशी तकनीक पर आधारित इस मिसाइल के प्रथम बैच को फ्लैग ऑफ़ करने का सौभाग्य मिला है, उन्होंने कहा, ब्रह्मोस, भारत की रक्षा आवश्यकताओं में आत्मनिर्भरता की एक मिसाइल है।

लखनऊ में बनी हुई मिसाइल, देशवासियों के प्रति सुरक्षा का आश्वासन  

योगी ने कहा जब उत्तर प्रदेश की पहली इन्वेस्टर समिट 2018 में हुई थी तब पीएम मोदी ने लखनऊ में ही देश में दो डिफेंस कॉरिडोर की घोषणा की दी उसमें से एक उत्तर प्रदेश को मिला, लखनऊ कानपुर आगरा अलीगढ झाँसी चित्रकूट में डिफेन्स कॉरिडोर के कार्य चल रहे हैं मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि लखनऊ में बनी हुई मिसाइल, देशवासियों के प्रति एक आश्वस्ति है, उनकी सुरक्षा, समृद्धि को संरक्षित करने की और खुशहाली की।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews