योगी आदित्यनाथ ने विद्यार्थियों के खातों में ट्रांसफर की 297.95 करोड़ रुपये छात्रवृत्ति, किया ये आह्वान

योगी ने कहा हम लोगों ने पिछले 8 वर्षों में 4 करोड़ 27 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप की सुविधा का लाभ दिया है पहली बार श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय बनाए गए हैं जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आया है।
Yogi Adityanath scholarships

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में दशमोत्तर एवं पूर्वदशम छात्रवृत्ति कार्यक्रम के अंतर्गत 10,28,205 छात्र/छात्राओं के बैंक खातों में 297.95 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी से ट्रांसफर की। योगी ने आह्वान करते हुए कहा कि स्कूल जरुर जाएँ, पढ़ाई जरुर करें मेहनत करने की आदत डालें क्योंकि इसी के माध्यम से आप आने वाले समय में समाज की तक़दीर और तस्वीर को बदलने में निर्णायक भूमिका में हो सकते हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी ने कहा छात्रवृत्ति का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है ताकि वे अपनी ऊर्जा से समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दे सकें। हमारा संकल्प है कि किसी भी युवा, छात्र-छात्रा, खास तौर पर अनुसूचित जाति और जनजाति व अन्य पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे।योगी ने कहा दीपावली से पूर्व मिले इस उपहार के लिए सभी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को हृदय से बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं देता हूँ।

योगी का आरोप, पहले होता था भेदभाव 

योगी ने कहा पिछली सरकार में विद्यार्थियों के साथ छात्रवृति के नाम पर कई धोखे होते थे, चयन प्रक्रिया में भेदभाव होता था, समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिलती थी, चयन के बाद भी छात्रवृत्ति नहीं मिल पाती थी, लेकिन हमारी सरकार ने DBT के माध्यम से इसे पारदर्शी और भ्रष्टाचार से मुक्त बनाया, उन्होंने बताया कि वर्ष 2016-17 तक प्रदेश के अंदर केवल 46 लाख विद्यार्थी स्कॉलरशिप का लाभ पाते थे, आज यह संख्या बढ़कर 62 लाख तक पहुंच गई है।

आज संसाधन की कमी नहीं, करना होगा प्रयास 

योगी ने कहा बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर बार-बार कहते थे कि पढ़-लिखकर ही हम स्वावलंबन का जीवन व्यतीत कर सकते हैं और अपने देश व समाज के लिए कुछ कर सकते हैं, इसलिए पढ़ाई लिखी बहुत आवश्यक है बाबा साहब के समय परिस्थिति अलग थी उतने संसाधन नहीं थे, फिर भी उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त की लेकिन आज संसाधन की कमी नहीं है बस अपने स्तर पर प्रयास करना होगा।

योगी ने विद्यार्थियों से खूब पढ़ने का किया आह्वान 

योगी ने कहा आज विद्यार्थियों को सरकार की योजना के साथ जुड़ना होगा, स्कूल कॉलेज जाना होगा, लाइब्रेरी जाने की आदत डालनी होगी, पाठ्यक्रम पर फोकस करना होगा, पढाई करनी होगी, मेहनत करनी होगी, उन्होंने कहा सरकार का प्रयास होता है कि बिना भेदभाव के शासन की योजना समाज के हर तबके को पहुंचे, योगी ने कहा मैं खास तौर से एससी, एसटी, ओबीसी के विद्यार्थियों से आह्वान करता हूँ कि वे स्कूल जरुर जाएँ. पढ़ाई जरुर करें. मेहनत करने की आदत डालें, आपके पास नैसर्गिक गुण है उसके तहत यदि आप अधिक से अधिक अध्ययन करेंगे तो कोई कारण नहीं कि आप आने वाले समय में समाज की तक़दीर और तस्वीर बदलने में निर्णायक भूमिका निभाएं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews