उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीएसटी रिफॉर्म का स्वागत किया और इसे भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक बदलाव बताया है। उन्होंने कहा कि अब तक के सबसे बड़े सुधारों के तहत अधिकांश वस्तुओं की GST दर को घटाकर 5% और कुछ पर 0% कर दिया गया है। उन्होंने विशेष रूप से किसानों के लिए GST दर 5% पर लाए जाने पर प्रसन्नता ज़ाहिर की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में हुए Next Gen GST जैसे परिवर्तनकारी सुधार से ‘आत्मनिर्भर भारत-विकसित भारत’ का संकल्प साकार होगा। सीएम ने कहा कि इससे न सिर्फ नागरिकों का जीवन सरल होगा, बल्कि व्यापार को सुगम करते हुए स्थानीय उत्पादन और उद्यमिता को नई गति मिलेगी।

सीएम योगी ने की व्यापारियों और आम लोगों से बात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई जीएसटी दरें लागू होने के बाद गोरखपुर में व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ संवाद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हर व्यापारी और उपभोक्ता उत्साह और उमंग के साथ इस आयोजन के साथ जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ये रिफॉर्म भारतीय अर्थवस्था को एक नई गति देगा और बाज़ार में मजबूती आएगी। जब खपत बढ़ेगी तो प्रोडक्शन भी बढ़ाना होगा और इस तरह से नए रोज़गार का सृजन भी होगा।

आज से लागू हुई जीएसटी की नई दरें

एएनआई से बात करते हुए सीएम ने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म नाम एक है लेकिन इसके लाभ अनेक है। उन्होंने कहा कि आज हर तरफ से एक ही आवाज़ आ रही है ‘घटी जीएसटी मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार’। बता दें कि जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में मंजूर ऐतिहासिक सुधार आज 22 सितंबर से पूरे देश में लागू हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में इन सुधारों की घोषणा की थी। इन सुधारों के तहत टैक्स की दरों को सरल बनाते हुए अधिकांश वस्तुओं पर जीएसटी को 5% और जरूरी उपभोग वस्तुओं पर 0% किया गया है। पुराने 12% और 28% स्लैब का सरलीकरण कर मुख्य रूप से दो स्लैब 5% और 18% लागू किए गए हैं। सिर्फ कुछ विशेष लग्जरी और सिन गुड्स जैसे सिगरेट पर ही 40% जीएसटी लागू होगा।