Hindi News

CM योगी आदित्यनाथ ने होली कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन की ली चुटकी, कहा- ‘ये तो कहीं भी नाच-गाकर पैसा कमा लेंगे’

Written by:Rishabh Namdev
Published:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि रवि किशन तो अपनी कला से कहीं भी पैसा कमा सकते हैं, लेकिन स्थानीय व्यापारियों का ध्यान रखना जरूरी है। सीएम की इस बात पर मंच पर मौजूद रवि किशन समेत सभी लोग हंस पड़े।
CM योगी आदित्यनाथ ने होली कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन की ली चुटकी, कहा- ‘ये तो कहीं भी नाच-गाकर पैसा कमा लेंगे’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक बार फिर मजाकिया अंदाज देखने को मिला, जब उन्होंने गोरखपुर में होली से जुड़े एक कार्यक्रम में अपने ही सांसद रवि किशन की चुटकी ले ली। सोमवार को भक्त प्रह्लाद की शोभायात्रा में शामिल हुए सीएम योगी ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि रवि किशन तो कलाकार हैं, वो कहीं भी नाच-गाकर कमा लेंगे, लेकिन हमें व्यापारियों का सोचना है।

यह पूरा वाकया उस समय हुआ जब सीएम योगी अपने तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर में थे। वे यहां कई वर्षों से आयोजित हो रही होलिका दहन शोभायात्रा में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों के साथ फूलों की होली भी खेली और त्योहार को सम्मानपूर्वक मनाने की अपील की।

विकास की बात पर रवि किशन का जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के पांडेयहाता इलाके की एक संकरी गली के चौड़ीकरण परियोजना पर बात कर रहे थे। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि विकास के नाम पर किसी को उजाड़ा नहीं जाएगा। इसी संदर्भ में उन्होंने मंच पर मौजूद सांसद रवि किशन की ओर इशारा करते हुए यह टिप्पणी की।

“किसी को उजाड़ना नहीं है… उनके व्यापार को आगे बढ़ाना है। रवि किशन तो कहीं भी नाच-गाकर पैसा कमा सकता है लेकिन, कालीबाड़ी के बाबा कहां से कमाएंगे? जब आपकी समृद्धि होगी तब बाबा के पास भी कुछ आएगा।” — योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश

सीएम योगी की यह बात सुनते ही मंच पर बैठे सांसद रवि किशन भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और मुस्कुराने लगे। वहीं, सभा में मौजूद लोग भी ठहाके लगाने लगे और तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।

जब खत्म हुआ ’36 का आंकड़ा’

सीएम योगी ने इस मौके का इस्तेमाल दो लोगों के बीच की कड़वाहट खत्म करने के संदेश के तौर पर भी किया। उन्होंने मंच पर सांसद रवि किशन और कालीबाड़ी के महंत रवीन्द्र दास के एक साथ बैठने का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “होली का त्योहार दो लोगों को मिलाने का त्योहार है। अगर आपके मन में कोई कड़वाहट है तो उसे भूलकर मित्र बन जाइए। देखिए, सांसद रवि किशन और रवींद्र दास जी महाराज के बीच 36 का आंकड़ा था लेकिन आज वो एक साथ मंच पर बैठे हैं।”

इससे पहले कार्यक्रम में सांसद रवि किशन ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा था कि सीएम सिंगापुर और जापान के दौरे से लौटे हैं और उनके स्वागत में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मंच से डीजे वाले से ‘रंग बरसे’ गाना चलाने का भी अनुरोध किया था।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews