श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा आएंगे सीएम योगी, ठाकुरजी की पूजा कर भक्तिभाव से होंगे महोत्सव में शामिल

सीएम योगी'पांचजन्य सभागार 'में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां वे मथुरा के लिए कई विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा आएंगे सीएम योगी, ठाकुरजी की पूजा कर भक्तिभाव से होंगे महोत्सव में शामिल

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मथुरा पहुंचेंगे। यहां वे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे और परिसर में एक पौधा भी रोपेगें। इसके बाद वे जन्माष्टमी समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री की यात्रा को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और शहर का माहौल किसी सैन्य छावनी जैसा प्रतीत हो रहा है।

सीएम योगी’पांचजन्य सभागार ‘में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां वे मथुरा के लिए कई विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे संतों का सम्मान भी करेंगे और गोवर्धन पर्वत से संबंधित एक वृत्तचित्र का अवलोकन करेंगे। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के लिए मथुरा को चार जोन और 18 सेक्टरों में बांटा गया है। पांच हजार से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी सुरक्षा में तैनात किए गए हैं।

तीर्थनगरी में अभूतपूर्व सुरक्षा, यातायात पर रोक

मथुरा, वृंदावन और अन्य तीर्थस्थलों पर भी पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रीकृष्णोत्सव के तीन दिवसीय आयोजन के मद्देनजर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। जन्मस्थान की ओर जाने वाले मार्गों पर पैदल श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दुपहिया, तिपहिया और चौपहिया वाहनों के आवागमन पर भी रोक लगा दी गई है। हर मार्ग पर अवरोधक लगाए गए हैं और वहां तैनात पुलिस बल किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखे हुए है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डिजिटल सेवा शुरू

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने ‘ब्रजधाम डॉट को डॉट इन’ नाम से एक विशेष वेबसाइट शुरू की है। यह पोर्टल मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिरों के मार्ग, ट्रैफिक प्रतिबंधों और अन्य आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराएगा। साथ ही, यह वेबसाइट मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशन के लिए भी उपयोगी साबित हो रही है, जिससे श्रद्धालु बिना किसी भ्रम के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews