
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर हुई फायरिंग की घटना का जिक्र करते हुए अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि एक अपराधी मारीच बनकर आया था, लेकिन यूपी पुलिस की गोली लगने पर वह चिल्लाने लगा कि गलती से उत्तर प्रदेश आ गया। योगी ने साफ कहा कि कानून तोड़ने वाले हर अपराधी का यही हश्र होगा।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार अपराध और महिला सुरक्षा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 2017 के बाद से यूपी पुलिस में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 10 हजार से बढ़कर 44 हजार से अधिक हो गई है। साथ ही, प्रदेश में 60,200 से ज्यादा पुलिस आरक्षियों की ट्रेनिंग की व्यवस्था की गई है ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
महिला सशक्तिकरण पर क्या बोले
योगी ने महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पहले पोषाहार योजनाओं में गड़बड़ियां थीं लेकिन अब 60 हजार से अधिक महिला स्वयंसेवी समूह (SHG) की महिलाएं हर महीने आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। इसके अलावा, बेटियों की सुरक्षा और रोजगार के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं जिससे पहले की धांधलियां खत्म हुई हैं।
यूपी पुलिस बख्शने वाली नहीं
बरेली की घटना का उल्लेख करते हुए योगी ने दोहराया कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को यूपी पुलिस बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी अपराधी महिला सुरक्षा या कानून व्यवस्था के खिलाफ जाएगा, उसका अंजाम वही होगा जो बरेली में देखने को मिला। यह बयान अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है कि उत्तर प्रदेश में अब अपराध की कोई जगह नहीं है।
