लुटेरी दुल्हन : युवक ने शादी के लिए खर्च किए 8 लाख, दसवें दिन दुल्हन जेवर और नगदी लेकर फरार

शादी यानी अरमानों का सफर। दो लोग शादी के साथ ही जीवनभर एक दूसरे का साथ देने का वचन लेते हैं। लेकिन अगर शादी का मकसद ही किसी को लूटना हो तो ये घटना हमेशा के लिए एक दर्दनाक याद बनकर रह जाती है। ऐसा ही धोखा हुआ मेरठ में एक शख्स के साथ। यहां उसकी दुल्हन ने उसके घर में कुछ दिन भी बिताए। और फिर एक सुबह अपने साथियों के साथ सारा सामान लेकर रफूचक्कर हो गई।
shadi

Con Bride Absconds with Jewelary and Cash : उत्तर प्रदेश के मेरठ से शादी के कुछ ही दिन बाद एक दुल्हन के अपने ससुराल से ज़ेवर और नगदी लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने बिचौलिए के माध्यम से शादी की थी और इसके लिए आठ लाख रुपए खर्च किए थे। शादी हो भी गई..लेकिन दस दिन बाद ही नई नवेली दुल्हन सारा माल लेकर भाग गई। इसे लेकर अब पीड़ित पति ने पुलिस में शिकायत की है।

शादी के बाद हर किसी का सपना होता है कि उसका सुंदर घर-परिवार होगा। इसी सपने को पूरा करने के लिए जोगेंद्र नाम के शख्स ने भी ब्याह रचाया था। लेकिन उसे और उसके परिवार को शादी के नाम पर धोखा मिला। एक तरफ, उससे लाखों रुपए भी ऐंठ लिए गए और बाद में दुल्हन घर के गहने और नगदी लेकर फरार हो गई।

क्या है मामला

मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के निवासी जोगेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके साथ शादी के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि 26 जनवरी को दौराला थाना क्षेत्र का रहने वाला मदनपाल नामक व्यक्ति जोगेंद्र के पास आया, जो शादी कराने का काम करता है। उसके साथ सुनील और शिवम नाम के दो लोग भी थे। बातचीत के दौरान सुनील ने बताया कि उसके भाई की बेटी लक्ष्मी की शादी की उम्र है और वो जोगेंद्र से उसकी शादी करवा सकता है। उसने यह भी बताया कि लक्ष्मी की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए शादी का पूरा खर्च जोगेंद्र को उठाना होगा। शादी कराने के बदले में 8 लाख रुपये की मांग की गई, जिसे जोगेंद्र ने मान लिया।

शादी के बाद दुल्हन ज़ेवर-नगदी लेकर फरार

इसके बाद 8 फरवरी को हिंदू रीति-रिवाज से जोगेंद्र और लक्ष्मी की शादी हो गई। शादी के बाद लक्ष्मी कुछ दिनों तक पति के साथ उसके घर रही भी। फिर 18 फरवरी को मदनपाल, सुनील और शिवम जोगेंद्र के घर आए और लक्ष्मी से मिलने के बहाने बातचीत करने लगे। जोगेंद्र का आरोप है कि उसी रात, इन चारों ने मिलकर उसे और उसके परिवार को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। अगली सुबह जब वो जागा तो उसके होश उड़ गए। उसकी पत्नी लक्ष्मी, मदनपाल, सुनील और शिवम सभी नदारद थे। साथ ही घर में रखे सोने-चांदी के गहने और 60,000 रुपये नकद भी गायब थे। जोगेंद्र का कहना है कि उसे कमरे में नींद की गोलियों के खाली रैपर भी मिले जिससे साफ होता है कि कि ये सोची-समझी साजिश थी। फिलहाल इस मामले में उसने पुलिस ने शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews