रोजगार महाकुंभ आज से शुरू, CM योगी करेंगे उद्घाटन; 50 हजार युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य

इस आयोजन में स्टार्टअप और नवाचार पर विशेष जोर दिया जाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, क्लाउड कंप्यूटिंग और हार्डवेयर डिजाइन जैसे क्षेत्रों में काम करने वाली अंतरराष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा लेंगी।
रोजगार महाकुंभ आज से शुरू, CM योगी करेंगे उद्घाटन; 50 हजार युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य

लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आज से तीन दिवसीय रोजगार महाकुंभ का शुभारंभ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन में देश-विदेश की 100 से अधिक नामी कंपनियों की भागीदारी होगी, जिनका लक्ष्य करीब 50 हजार युवाओं को रोजगार प्रदान करना है। आठवीं पास से लेकर परास्नातक और डिप्लोमा इंजीनियरिंग तक की शैक्षिक योग्यता वाले युवा इस मेले में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे।

सेवायोजन विभाग की निदेशक नेहा प्रकाश ने बताया कि रोजगार महाकुंभ में तीन मंचों के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर अवसर प्रदान किए जाएंगे। ये अवसर न केवल उत्तर प्रदेश और अन्य शहरों में, बल्कि विदेशों में भी उपलब्ध होंगे। कंपनियां ऑन-स्पॉट इंटरव्यू और प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करेंगी, जिससे युवाओं को तत्काल रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। साथ ही, एक प्रदर्शनी के माध्यम से युवा प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, नई नीतियों और कौशल विकास मॉडल से परिचित होंगे।

स्टार्टअप और नवाचार पर विशेष जोर

इस आयोजन में स्टार्टअप और नवाचार पर विशेष जोर दिया जाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, क्लाउड कंप्यूटिंग और हार्डवेयर डिजाइन जैसे क्षेत्रों में काम करने वाली अंतरराष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा लेंगी। तकनीक और शोध में रुचि रखने वाले युवा स्टार्टअप इकोसिस्टम में सीधे प्रवेश कर सकेंगे। मैकेनिकल इंजीनियर्स और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग प्राप्त युवाओं के लिए यह आयोजन विशेष रूप से लाभकारी होगा, क्योंकि कंपनियां इन क्षेत्रों में रोजगार के कई अवसर प्रदान करेंगी।

रोजगार महाकुंभ में युवाओं की सीधी बातचीत

रोजगार महाकुंभ में विशेषज्ञों के साथ युवाओं की सीधी बातचीत का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे उन्हें करियर मार्गदर्शन और उद्योग की जरूरतों को समझने का मौका मिलेगा। यह आयोजन उत्तर प्रदेश के युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। यह मेगा इवेंट न केवल रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा, बल्कि प्रदेश की औद्योगिक और तकनीकी प्रगति को भी वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेगा।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews