फतेहपुर में पत्नी की हैवानियत! पति को चारपाई से बांधकर पीटा, शरीर पर तार लपेटकर दिए करंट के झटके

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पति-पत्नी के विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। आरोप है कि पत्नी ने पहले पति पर डंडे से हमला किया, फिर उसे चारपाई से बांधकर बिजली का करंट लगाया।
फतेहपुर में पत्नी की हैवानियत! पति को चारपाई से बांधकर पीटा, शरीर पर तार लपेटकर दिए करंट के झटके

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव में एक महिला पर अपने पति की हत्या की कोशिश का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि पत्नी ने पहले पति के सिर पर डंडे से हमला किया, फिर उसे चारपाई से बांध दिया और बिजली का करंट लगाकर जान लेने की कोशिश की। घटना के बाद घायल पति को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया।

मामले के अनुसार, परसदेपुर गांव निवासी संजीव तिवारी हलवाई का काम करते हैं। आरोप है कि वह रोज की तरह काम खत्म कर घर लौटे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। परिजनों का आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी रन्नो देवी ने डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद संजीव को चारपाई से बांध दिया गया और उनके शरीर पर बिजली का तार लपेटकर करंट लगाया गया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

परिजनों ने क्या बताया?

परिजनों के मुताबिक, घर के अंदर से तेज चीख-पुकार सुनाई देने पर उन्हें कुछ अनहोनी का अंदेशा हुआ। जब वे मौके पर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोलने पर उन्होंने देखा कि संजीव तिवारी चारपाई से बंधे हुए थे और उनके शरीर पर बिजली का तार लिपटा हुआ था। इसके बाद परिवार के लोगों ने तुरंत बिजली का कनेक्शन हटाया और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर बताते हुए कानपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही औंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जरूरी साक्ष्य जुटाए और परिवार के लोगों के बयान दर्ज किए। शुरुआती जांच में पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने साफ किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका रही।

पुलिस जांच और पहले भी सामने आ चुके ऐसे मामले

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि औंग थाना क्षेत्र से पति के साथ मारपीट और बिजली का करंट लगाने का मामला सामने आया है। घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा है और पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

गौरतलब है कि फतेहपुर जिले में हाल के दिनों में घरेलू विवाद से जुड़ी कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। कुछ समय पहले मलवां थाना क्षेत्र में भी पत्नी द्वारा पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया था, जिसमें पति की मौत हो गई थी। हालांकि, हर मामला अलग होता है और उसके पीछे की परिस्थितियां भी अलग हो सकती हैं।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews