Hindi News

बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से की मुलाकात, बंद कमरे में हुई चर्चा

Written by:Ankita Chourdia
Published:
बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने वाराणसी के केदार घाट आश्रम में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की है। UGC नियमों के खिलाफ इस्तीफा देने के बाद हुई इस बैठक को उनकी भविष्य की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से की मुलाकात, बंद कमरे में हुई चर्चा

वाराणसी: बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देकर चर्चा में आए अलंकार अग्निहोत्री ने वाराणसी में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की है। रविवार को कानपुर से वाराणसी पहुंचे अग्निहोत्री ने केदार घाट स्थित आश्रम में शंकराचार्य से आशीर्वाद लिया। इसके बाद दोनों के बीच एक बंद कमरे में लंबी बातचीत हुई, जिसे भविष्य की रणनीति तय करने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शंकराचार्य के शिष्यों ने अलंकार अग्निहोत्री का माला और अंग वस्त्र पहनाकर स्वागत किया। जानकारी के अनुसार, अग्निहोत्री ने शंकराचार्य के शिष्य बटुकों से भी मुलाकात की, जिनके अपमान के मुद्दे पर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया था।

क्यों दिया था इस्तीफा?

अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी को बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियमों और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के बटुकों के साथ हुए कथित अपमान को बताया था। हालांकि, उनके इस्तीफे के बाद प्रशासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया था।

अभियान छेड़ने की तैयारी में अग्निहोत्री

इस्तीफे के बाद अलंकार अग्निहोत्री आगे क्या करेंगे, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। अब ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि वह अपने उठाए गए मुद्दों को लेकर एक अभियान शुरू करने की तैयारी में हैं। शंकराचार्य से हुई यह मुलाकात इसी सिलसिले की एक अहम कड़ी मानी जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद ही वह अपनी आगे की योजनाओं का खुलासा कर सकते हैं। वाराणसी आने से पहले उन्होंने कानपुर में अपनी मां और ताऊ का आशीर्वाद भी लिया था।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !