Hindi News

‘विधायक को चपरासी बना दिया’, नंदकिशोर गुर्जर ने पुलिस-प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

Written by:Saurabh Singh
Published:
नंदकिशोर गुर्जर ने पुलिस अधिकारियों पर जनता और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। गुर्जर के अनुसार, अधिकारी फील्ड में उतरने के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में व्यस्त रहते हैं।
‘विधायक को चपरासी बना दिया’, नंदकिशोर गुर्जर ने पुलिस-प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

गाजियाबाद के लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने सड़क पर जाम में फंसने के बाद पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। लोनी तिराहे पर घंटों जाम में फंसने के बाद गुस्साए विधायक ने खुद सड़क पर उतरकर जाम खुलवाया और अतिक्रमण हटवाया। उन्होंने पुलिस की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर जनता और विधायक को ही जाम खुलवाना पड़े, तो पुलिस की भूमिका क्या है?

गुर्जर ने आरोप लगाया कि गाजियाबाद में दो-दो लाख रुपये में पुलिस चौकियां बेची जा रही हैं और यह खेल बड़े अधिकारियों की जानकारी में हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इस खरीद-फरोख्त की ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जो चौकी इंचार्जों से बातचीत के दौरान दर्ज की गई। विधायक ने चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो इसकी जांच कराई जाए, ताकि सच सामने आए।

जनता और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी

नंदकिशोर गुर्जर ने पुलिस अधिकारियों पर जनता और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। गुर्जर के अनुसार, अधिकारी फील्ड में उतरने के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने कहा कि न तो आम जनता की सुनवाई हो रही है और न ही सांसदों की, जबकि रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार खुलेआम चल रहा है।

चौकियों की खरीद-फरोख्त पर कार्रवाई नहीं

नाराज विधायक गुर्जर ने चेतावनी दी कि अगर चौकियों की खरीद-फरोख्त पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वह सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मुद्दे पर बात करेंगे। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में व्यवस्था सुधारने के लिए कड़े कदम उठाने की जरूरत है, ताकि जनता को राहत मिल सके।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews