गोरखपुर सांसद रवि किशन को जान से मारने की धमकी, बिहार से आया फोन, राम मंदिर पर भी की आपत्तिजनक टिप्पणी

गोरखपुर से भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने खुद को बिहार का अजय यादव बताया और यादवों पर टिप्पणी करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोरखपुर सांसद रवि किशन को जान से मारने की धमकी, बिहार से आया फोन, राम मंदिर पर भी की आपत्तिजनक टिप्पणी

Bihar Elections 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार रवि किशन शुक्ला को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी उन्हें फोन पर दी गई है। फोन करने वाले ने खुद को बिहार के आरा जिले का रहने वाला अजय कुमार यादव बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद के निजी सचिव ने गोरखपुर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

यह पूरा मामला तब सामने आया जब सांसद रवि किशन के निजी सचिव शिवम द्विवेदी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन उठाते ही दूसरी तरफ से व्यक्ति ने गालियां देनी शुरू कर दीं और रवि किशन को जान से मारने की खुली धमकी दी।

यादवों पर टिप्पणी करने का लगाया आरोप

सांसद के सचिव शिवम द्विवेदी के अनुसार, फोन करने वाले अजय यादव ने आरोप लगाया कि रवि किशन यादवों पर गलत टिप्पणी करते हैं। जब सचिव ने इसका खंडन करते हुए कहा कि सांसद ने कभी किसी जाति या समुदाय के खिलाफ कुछ नहीं कहा, तो आरोपी और भी ज्यादा भड़क गया।

“मुझे तुम्हारी हर गतिविधि की जानकारी है, जब चार दिन बाद बिहार आओगे तो जान से मार दूंगा।”

आरोपी ने फोन पर कहा कि वह सांसद को गोली मार देगा। उसने यह भी दावा किया कि उसे सांसद के हर मूवमेंट की जानकारी है।

[dgv_vimeo_video id=”1132531507″]

धार्मिक टिप्पणी और खेसारी लाल का समर्थन

शिकायत के मुताबिक, बातचीत के दौरान आरोपी अजय यादव ने भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव के एक पुराने बयान का भी समर्थन किया। खेसारी लाल ने कथित तौर पर राम मंदिर की जगह अस्पताल या चर्च बनाने की बात कही थी। अजय यादव ने इसी संदर्भ में भगवान श्री राम और अयोध्या में बन रहे राम मंदिर को लेकर भी आपत्तिजनक और अभद्र बातें कहीं।

पुलिस ने शुरू की जांच, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

धमकी भरा फोन आने के बाद सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी और पीआरओ पवन दुबे ने तुरंत गोरखपुर के एसएसपी से मुलाकात की। उन्होंने मामले की पूरी जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और सांसद रवि किशन की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

गोरखपुर के एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने फोन नंबर को सर्विलांस पर लगाकर आरोपी की लोकेशन ट्रेस करना शुरू कर दिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस धमकी भरे कॉल के ऑडियो की भी जांच कर रही है।

[dgv_vimeo_video id=”1132531813″]

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews