
उत्तर प्रदेश के लखनऊ-उन्नाव मार्ग पर अब देश का पहला AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित यूनिवर्सिटी कैम्पस बनने जा रहा है। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी का ये हाईटेक कैम्पस 100 एकड़ जमीन पर फैला होगा । इसका उद्घाटन शनिवार, 27 जुलाई को सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे।
प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल रैंकिंग में जगह बनाने वाली यूनिवर्सिटीज़ में से एक है। वहीं भारत की रैंकिंग में भी ये पांचवें स्थान पर है। योगेंद्र ने कहा,
“सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश में जो माहौल बना है। उससे प्रेरित होकर देश-विदेश से इन्वेस्टर्स यूपी का रुख कर रहे हैं। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी भी उन्हीं में से एक है।”
AI यूनिवर्सिटी में क्या है खास?
इस नए AI-सक्षम कैम्पस में पढ़ाई पूरी तरह से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित होगी। यानी पढ़ाई के तरीके, कोर्स कंटेंट, मूल्यांकन समेत लगभग हर प्रक्रिया में AI टेक्नोलॉजी शामिल होगी। यह कैम्पस 2025-26 के शैक्षणिक सत्र से शुरू होगा। शुरुआत में छह प्रमुख स्ट्रीम्स में स्नातक और परास्नातक प्रोग्राम्स ऑफर करेगा। इसमें इंजीनियरिंग, बिजनेस, हेल्थ और लाइफ साइंसेज, ह्यूमैनिटीज, लिबरल आर्ट्स, लीगल स्टडीज विषय शामिल रहेंगे।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अब तक लगभग 2000 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। इसका मतलब छात्रों और अभिभावकों में इस यूनिक मॉडल को लेकर उत्साह है।
सरकार की प्लानिंग क्या है?
प्रदेश सरकार का दावा है कि पिछले तीन सालों में यूपी में 20 प्राइवेट और 8 सरकारी यूनिवर्सिटी खुल चुकी हैं। योगेंद्र उपाध्याय कहते हैं कि सरकार की मंशा ‘गुणवत्ता पूर्ण, सस्ती और सहज शिक्षा’ मुहैया कराने की है।
PM मोदी के AI विजन से जुड़ाव
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम सिंह संधू का कहना है कि ये AI बेस्ड कैम्पस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एआई-संचालित विकास नीति से प्रेरित है।
वहीं Capgemini के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट मुकेश जैन के मुताबिक,
“AI ना सिर्फ मौजूदा जॉब्स को बदलेगा। बल्कि नए रोजगार के मौके भी देगा। ऐसे में AI शिक्षा युवाओं को फ्यूचर रेडी बनाएगी।”
उत्तर प्रदेश अब सिर्फ एक्सप्रेसवे और डिफेंस कॉरिडोर ही नहीं, एजुकेशन हब बनने की तरफ भी कदम बढ़ा रहा है। और इस दिशा में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी का AI कैम्पस, गेमचेंजर साबित हो सकता है।
