मेरठ में गेम खेलते-खेलते युवक की मौत, 300 पार पहुंचा ब्लड प्रेशर बना जानलेवा

मेरठ में ऑनलाइन गेमिंग के दौरान 22 वर्षीय युवक की तबीयत अचानक बिगड़ी, ब्लड प्रेशर खतरनाक स्तर पर पहुंचा और ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। घटना ने युवाओं की गेमिंग आदतों और स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Meerut

हमारे आसपास मोबाइल और ऑनलाइन गेमिंग अब रोज़मर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है। लेकिन मेरठ से आई एक खबर ने इस डिजिटल मनोरंजन के खतरनाक पहलू को सामने ला दिया है। देहली गेट थाना क्षेत्र में रहने वाले 22 वर्षीय युवक मोहम्मद कैफ की अचानक तबीयत बिगड़ी और कुछ ही दिनों में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलता था।

घटना वाले दिन भी सब कुछ सामान्य था। कैफ अपने कमरे में कानों में ईयरफोन लगाकर गेम खेल रहा था। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में घर का माहौल बदल जाएगा। अचानक उसे तेज सिरदर्द और बेचैनी हुई, और देखते ही देखते वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

कैसे बिगड़ी कैफ की हालत, क्या हुआ उस दिन?

घटना वाले दिन कैफ लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग में व्यस्त था। परिवार के अनुसार, वह अक्सर देर रात तक गेम खेलता रहता था। गेमिंग के दौरान अचानक उसे सिर में तेज दर्द महसूस हुआ और उसका शरीर कमजोर पड़ने लगा। परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद उसकी हालत गंभीर बताई और उसे तुरंत दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उसका दो दिन तक इलाज चला, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके।

भर्ती के समय उसका ब्लड प्रेशर 300 के पार पहुंच चुका था, जो सामान्य स्तर से कई गुना अधिक है और जानलेवा स्थिति मानी जाती है। इसी वजह से उसके दिमाग की नस फटने यानी ब्रेन हेमरेज की स्थिति बनी।

क्या ऑनलाइन गेमिंग से जुड़ा हो सकता है ब्लड प्रेशर का खतरा?

हर गेमिंग करने वाले व्यक्ति के साथ ऐसा होना जरूरी नहीं है, लेकिन लगातार तनाव, उत्तेजना और लंबे समय तक स्क्रीन पर टिके रहना शरीर पर असर डाल सकता है। डॉक्टर बताते हैं कि ऑनलाइन गेमिंग के दौरान खिलाड़ी का दिमाग लगातार तनाव और प्रतिस्पर्धा की स्थिति में रहता है। हार-जीत का दबाव, तेज आवाजें, और लगातार ध्यान केंद्रित रखने की वजह से शरीर में तनाव हार्मोन बढ़ सकते हैं। इससे ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ने का खतरा भी हो सकता है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews