UP Weather: मानसून की चाल पड़ी धीमी, 18 जुलाई तक ऐसा रहेगा मौसम का हाल, आज 30 जिलों में बारिश का अलर्ट

UP Weather Update: रविवार को 2 दर्जन से ज्यादा जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान पूर्वांचल और तराई वाले जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती है।
up weather

मानसून की चाल धीमी पड़ गई है जिसके चलते उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर थम गया है। हालांकि पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। रविवार को करीब 30 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वांचल और तराई वाले जिलों में भारी बारिश के आसार हैं।

लखनऊ में बादल छाए रहेंगे और बारिश की भी संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। अबतक लखनऊ में सामान्य से 40 फीसदी कम 95.8 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश का औसत 158.3 मिमी है।

मौसम विज्ञान केन्द्र (IMD), लखनऊ की ताजा दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक,  बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के कमजोर पड़ने के कारण अगले 4-5 दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। इस दौरान तापमान में भी 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि बंगाल की खाड़ी या अन्य क्षेत्रों में नया सिस्टम सक्रिय होने से फिर मानसून के सक्रिय होने से अच्छी बारिश की उम्मीद है।

बता दें कि 1 जून से 11 जुलाई प्रदेश में 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में 158.5 मिमी बारिश हुई है जबकी 190.9 मिमी होनी चाहिए थी। पश्चिमी यूपी में सामान्य से 13% अधिक और पूर्वी यूपी में सामान्य से 48% कम बारिश हुई है। आगरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, बिजनौर, ललितपुर में अच्छी बारिश हुई है। अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, झाँसी जैसे कई जिलों में पानी कम गिरा है। आमतौर पर यूपी में जून से सितंबर के बीच करीब 820 से 840 मिलीमीटर बारिश होती है। लेकिन, इस साल 8% कम यानी लगभग 754 से 773 मिलीमीटर होने का अनुमान है।

रविवार को कहां कैसा रहेगा यूपी का मौसम

  • गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर और अंबेडकर नगर में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट।
  • बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, मऊ, बलिया, आजमगढ़ में बारिश के लिए लिए येलो अलर्ट ।
  • मेरठ, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, बहराइच, बलरामपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बाराबंकी, मिर्जापुर, सुल्तानपुर, हरदोई और रायबरेली में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews