बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ गया है। यूपी सरकार में मंत्री और सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि अगर सीट बंटवारे को लेकर भाजपा से बात नहीं बनी, तो उनकी पार्टी बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने ये भी कहा कि INDIA गठबंधन से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
क्या बोले ओपी राजभर?
बलिया जिले के रसड़ा स्थित पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार शाम पत्रकारों से बात करते हुए राजभर ने कहा,
ये भी पढ़ें
“हमारी पहली प्राथमिकता है कि हम एनडीए यानी भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ें। इसको लेकर बातचीत 70 फीसदी तक पूरी हो चुकी है, 30 फीसदी बाकी है। लेकिन अगर बिहार के कुछ नेताओं के दबाव में बात बिगड़ती है, तो हम अकेले चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
राजभर ने आगे कहा कि अगर बीजेपी के साथ गठबंधन नहीं होता है, तो सुभासपा एक नया मोर्चा बनाकर भी चुनाव लड़ सकती है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी बिहार की 156 सीटों पर सक्रिय रूप से काम कर रही है।
INDIA गठबंधन से पूरी दूरी
राजभर ने यह भी साफ कर दिया कि उनकी पार्टी कांग्रेस और दूसरे दलों वाले INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि
“कई पार्टियां जो INDIA में नहीं हैं, उनसे बातचीत चल रही है। लेकिन INDIA में हम नहीं जाएंगे।”
राहुल गांधी पर तीखा हमला
ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा,
“जब राहुल विदेश जाते हैं तो भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं। चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा करते हैं। लेकिन जब कांग्रेस जीतती है, तब चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठाते। अगर उन्हें चुनाव में गड़बड़ी लगती है तो सबूत दें और खुलकर बात करें।”
राजभर ने ये भी दावा किया कि राहुल गांधी को बिहार में हार का डर सताने लगा है। इसलिए वो पूर्व पीएम वीपी सिंह जैसी बातें करने लगे हैं।